
कुंदनपुर में ओवरलोड खनन डंपरों के गुजरने पर ग्रामीणों का हंगामा
Rampur News - फोटो परिचय-29 मसवासी 01-ही डंपरों को रोक लिया। जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों और डंपर चालकों के बीच कहासुनी हुई तो खनन कारोबार से जुड़े
चौकी क्षेत्र के गांव कुंदनपुर में बुधवार को अवैध खनन से भरे ओवरलोड डंपरों के प्रवेश को लेकर हंगामा मच गया। ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर ही डंपरों को रोक लिया। जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों और डंपर चालकों के बीच कहासुनी हुई तो खनन कारोबार से जुड़े लोग भी वहां पहुंच गए और जबरन डंपरों को निकालने की कोशिश करने लगे। इस पर ग्रामीणों ने सख्त विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड डंपरों की वजह से गांव की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो गई हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग कई बार सामूहिक कार सेवा से मार्ग की मरम्मत कर चुके हैं लेकिन लगातार भारी वाहन फिर से सड़कें तोड़ रहे हैं।

सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद सभी खनन भरे डंपरों को वापस कराया। उधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अवैध रूप से गांव के कच्चे रास्तों से होकर जा रहे ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं लगाई तो आंदोलन किया जाएगा। मालूम हो कि नगर के मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर पहले से ही खनन वाहनों की जांच के लिए चेकपोस्ट बनी हुई है जहां राजस्वकर्मी और पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद खनन कारोबारी अधिकारियों की आंखों से बचने के लिए इन डंपरों को गांव के कच्चे रास्तों से निकालते हैं। जिससे ग्रामीणों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। मामले की जानकारी पर चौकी प्रभारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि वाहन चालकों के पास रॉयल्टी थी लेकिन मुख्य मार्ग पर नो एंट्री के कारण गांव के कच्चे रास्ते से दो डंपर निकाले जा रहे थे। दोनों वाहनों को गांव से वापस करा दिया गया है। साथ ही वाहन चालकों को नो एंट्री खुलने के बाद मुख्य मार्ग से वाहनों को निकालने की हिदायत दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




