विकास कार्यों की दिखाई डाक्यूमेंट्री...उद्यमियों समेत कई को मिला सम्मान
Rampur News - यूपी दिवस----के अवसर पर विकास भवन परिसर में हुआ कार्यक्रम का आयोजन रामपुर। प्रमुख संवाददाता उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर विकास भव

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर विकास भवन परिसर में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विकास कार्यों को दर्शाती डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। साथ ही सराहनीय कार्य के लिए उद्यमियों समेत कई को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तदोपरांत उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इससे पूर्व विकास भवन सभागार में राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ से गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। साथ ही जनपद में संचालित विकास कार्यों से संबंधित डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस निरंतर मनाया जा रहा है। वर्ष 2018 में एक जनपद-एक उत्पाद की परिकल्पना की गई थी, जो आज पूरे देश में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 से एक जनपद-एक व्यंजन योजना का शुभारम्भ किया गया है, जिससे प्रत्येक जनपद को अपने विशिष्ट व्यंजन के माध्यम से नई पहचान मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कहा कि उत्तर प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा निवेश के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है। प्रदेश में योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा सड़कों सहित आधारभूत संरचना का व्यापक विकास हुआ है। विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर दीपा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। ------------ इन उद्यमियों को किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग द्वारा पांच उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया गया। जिसमें नीरू मेंथाल के अर्जित गर्ग, होटल ओपल एवं यूपी-22 के नरेश सिंघल, इको आर्गेनिक के व्योम वार्ष्णेय, रेडियंस पार्क के स्वामी श्रीष गुप्ता और इंडियन टोनर्स के अनिल राठौर को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ----------- कारोबार के लिए युवा उद्यमियों को मिला लोन मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत प्रीति निवासी मुरसैना को कम्प्यूटर सेंटर की स्थापना के लिए और अमर पाल निवासी पनवड़िया को इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग सर्विस उद्योग की स्थापना के लिए दो-दो लाख का ऋण प्रदान किया गया तथा संजय कुमार निवासी मिलक को फूड रेस्टोरेंट की स्थापना के लिए पांच लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया। -------------- 12 लाभार्थियों को मिला विश्वकर्मा श्रम सम्मान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 12 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 04 कृषकों को नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। युवा कल्याण विभाग द्वारा 08 खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। एनआरएलएम विभाग द्वारा 05 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा बेहतर कार्य करने वाले 06 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 08 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत 07 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




