
राह चलते किसान की आकस्मिक मौत
Rampur News - खेत से लौट रहे किसान रफीक अहमद की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। 45 वर्षीय रफीक अपने परिवार का भरण पोषण खेती करके करते थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने शव को सपुर्देखाक कर दिया। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।
खेत से वापस लौट रहे एक राह चलते किसान की आकस्मिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक के शव को सपुर्देखाक कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव सुलतानपुर निवासी रफीक अहमद 45 वर्षीय खेती किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके पुत्र नवेद अहमद के अनुसार उनके पिता गेहूं की फसल देखने के सुबह-सुबह खेत पर गए थे। वहां किसानी का थोड़ा सा कार्य किया और दोपहर के समय वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में घर के निकट अचानक वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गए। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया तथा घटना स्थल पर राहगीरों सहित स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आनन फानन में उन्हें एक नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि किसान को अचानक हार्ट का साइलेंट अटैक आया था। जिसकी वजह से कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। उधर, किसान की हुई अचानक मौत से कोहराम मच गया। गमजदा परिजनों ने देर शाम मृतक किसान को सपुर्देखाक कर दिया। वहीं, हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से लोगों में जागरूकता बढ़ाए जाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




