
तीन घंटे बाद लापता बच्चे का नाले से बरामद हुआ शव
Rampur News - शाहबाद कोतवाली क्षेत्र में पहली कक्षा के छात्र दानियाल का शव नाले में मिला। खेलते समय दौरा पड़ने से वह गिर गया और डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने शव को बिना पोस्टमार्टम के सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने फोन ट्रेस कर शव की लोकेशन पाई।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र में तीन घंटे से लापता पहली कक्षा के बच्चे का शव घर से कुछ कदम दूर पर नाले में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि खेल के दौरान दौरा पड़ने के कारण वह नाले में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसा मित्तरपुर अहरौला में हुआ। गांव निवासी हाफिज मुशाहिद किसान हैं। घर शाहबाद-बिलारी स्टेट हाई-वे पर है। उनका बड़ा बेटा दानियाल (7) बड़ागांव स्थित एक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। दानियाल गुरुवार शाम घर के पास स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था।
वहां से लौटने के बाद वह खेल में लग गया, लेकिन घर नहीं पहुंचा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। करीब तीन घंटे के बाद रात नौ बजे के आसपास उसका शव घर से कुछ कदम दूर नईमगंज रोड पर नाले में पड़ा मिला। जिसके बाद परिजनों में चीत्कार मच गई। परिजन उम्मीद में उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोन ट्रेस किया, तब मिली लोकेशन: शाहबाद। काफी देर तक बच्चे का सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाने दौड़ लगा दी। उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस जानकारी लेने के बाद बच्चे के पास मोबाइल फोन का नंबर ट्रेस किया तो लोकेशन घर के आसपास की आई। इसके बाद लोगों ने मौके पर तलाश किया, नाले में उतरकर देखा तो वहां शव पड़ा था। कई बार घटनास्थल के पास से गुजर गए परिजन: शाहबाद। मां-बाप जिस बच्चे को तलाश रहे थे, वह उन्हीं के आसपास आखिरी सांसें गिन रहा था। लेकिन बेखबर परिजन उसे इधर-उधर भटक रहे थे। नाले में जिस जगह दानियाल पड़ा हुआ था, उसकी दूरी घर से पचास कदम भी नहीं है। परिजन उसकी तलाश में भटकते हुए कई दफा वहां से गुजरे, लेकिन किसी को इस तरह की अनहोनी का अंदाजा नहीं था। जिसके चलते किसी का ध्यान नाले की तरफ नहीं गया। शव बरामद होने के बाद लोगों की जुबान पर यही चर्चा थी कि काश एक बार नाले में देख लिया होता तो समय रहते बाहर निकलने से शायद उसकी जान बच जाती।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




