Rampur News: टांडा के बाशिंदों को मिलेगी जाम से निजात, बाईपास के लिए 66 करोड़ मंजूर
Rampur News: टांडा बाईपास निर्माण के लिए वित्त विभाग ने 66 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। प्रस्ताव अब मुख्यमंत्री की मंजूरी के लिए भेजा गया है। मंजूरी और गजट जारी होने के बाद जमीन अधिग्रहण शुरू होगा। बाईपास से टांडा-मुरादाबाद मार्ग पर जाम, भारी वाहनों की आवाजाही और दुर्घटनाओं की समस्या कम होने की उम्मीद है।

Rampur News: टांड नगर और क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से अटके टांडा बाईपास निर्माण के लिए 66 करोड़ रुपये का बजट वित्त विभाग ने स्वीकृत कर दिया है। प्रस्ताव अब मुख्यमंत्री कार्यालय में अनुमोदन के लिए पहुंच गया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद गजट जारी होगा और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बाईपास बनने से नगर के जाम में कमी और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। टांडा-मुरादाबाद मुख्य मार्ग पर आए दिन घंटों जाम लगा रहता है। इससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों, किसानों और राहगीरों को परेशानी होती है। रात आठ बजे के बाद खनन के भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से स्थिति गंभीर हो जाती है।
मार्ग पर कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बाईपास की मांग कई वर्षों से उठ रही थी और व्यापारी इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। करीब दो वर्ष पहले प्रशासन ने टांडा और स्वार बाईपास के प्रस्ताव शासन को भेजे थे। विधायक शफीक अंसारी ने बताया कि बाईपास बनने से क्षेत्रीय लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

