Rampur News: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
Rampur News: रामपुर के पुराना गंज मोहल्ले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई उसे बेहोश अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि पति ने सभी आरोपों को गलत बताया।

Rampur News: रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के पुराना गंज मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने पहुंचे भाइयों को वह घर में बेसुध हालत में मिली। दोनों भाई आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद मायके वाले जहर देकर मारने का आरोप लगाने लगे। इस बीच शनिवार को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के दौरान मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उधर,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण लंबी बीमारी से होना आया है।
महिला की पहचान और परिवार
पुराना गंज निवासी 40 वर्षीय शिखा गुप्ता की शादी करीब 20 साल पहले मनीष गुप्ता से हुई थी। दंपती का 11 साल का एक बेटा है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब छह बजे रक्षाबंधन के मौके पर शिखा के दो भाई उनसे राखी बंधवाने के लिए घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने शिखा को अकेली और बेसुध हालत में देखा। हालत देखकर दोनों भाई उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गंज थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। लंबी बीमारी से मौत होने का कारण सामने आया है। बाकी आरोपों की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हुई कहासुनी
रामपुर। महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे मोर्चरी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान शिखा के चाचा और भतीजे की जेठ-जेठानी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
मायके पक्ष ने लगाए मारपीट और दहेज के आरोप
रामपुर। शिखा के मायके वालों ने पति मनीष गुप्ता और जेठ-जेठानी पर मारपीट व प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप था कि महिला को दहेज को लेकर भी परेशान किया जाता था। वहीं, पति मनीष गुप्ता और जेठ-जेठानी ने मायके पक्ष के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना था कि शिखा के साथ किसी तरह की मारपीट या प्रताड़ना नहीं की गई।


