Rampur News: जिओ ट्यूब की दीवार बनाकर बदला भाखड़ा डैम में पानी का रुख
Rampur News: भाखड़ा डैम के जलाशय में 20 फीट गहरे स्रोत को बंद करने में नहर विभाग को सफलता मिली है। मजदूरों ने जियो ट्यूब के माध्यम से दीवार बनाने का कार्य किया। इसके बाद पानी की धारा बदली जाएगी। एसडीओ और जेई की निगरानी में श्रमिकों ने कड़ी मेहनत की और जलाशय में पानी के बहाव को नियंत्रित करने का काम शुरू किया।

Rampur News: बिलासपुर के भाखड़ा डैम के जलाशय में बने 20 फीट गहरे स्रोत को बंद करने के कार्य में नहर विभाग को रविवार को बड़ी सफलता मिली है। मजदूरों ने जलाशय में जियो ट्यूब के जरिये करीब 20 मीटर लंबी दीवार नदी के बीच में बनाने में सफलता हासिल कर ली। एक और जियो ट्यूब में मिट्टी व बालू भरने का कार्य सोमवार को किया जाएगा। इसके बाद भाखड़ा नदी के पानी की धारा की दिशा बदल जाएगी। रविवार को मजदूरों ने पानी के बीच खड़े होकर कड़ी धूप में पूरे दिन काम किया। नहर में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद श्रमिक जान जोखिम में डालकर जियो ट्यूब में बालू और मिट्टी भरते रहे।
मौके पर दिनभर एसडीओ नंद लाल आर्य और जेई वीर सिंह मौजूद रहे और कार्य की निगरानी करते रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूरों ने लगातार काम कर दीवार को खड़ा किया। गौरतलब है कि नगर के भाखड़ा डैम के जलाशय में पानी ने फर्श तोड़कर करीब 20 फीट गहरा एक स्रोत बना लिया है, जो जलाशय के पानी को खलासी व दोनों पुलों के नीचे होकर दूसरी तरफ तेजी के साथ फेंक रहा है। शनिवार को पीलीभीत से आए मडपंप व जियो ट्यूब से नहर विभाग ने जलाशय में स्रोत के चारों तरफ घेराबंदी करने का काम शुरू कर दिया था। 14 अगस्त को सपा कार्यकर्ताओं ने भाखड़ा डैम के जलाशय में पानी के स्रोत होने की शिकायत एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया से की थी। जेई ने बताया कि पानी की दिशा बदलने के बाद करीब 20 फीट गहरे स्रोत का पानी भी मड पंप के जरिये खींचकर सूखा किया जाएगा। उसके बाद स्रोत को भरने का कार्य तेजी के साथ किया जाएगा। एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया ने बताया कि नहर विभाग जलाशय में पैदा हुए पानी के स्रोतों को बंद करने का काम तेजी के साथ कर रहा है।

