भविष्य संवारने निकले 6523 युवाओं ने दी परीक्षा

हिन्दुस्तान, रामपुर
Follow us on Google News
share

रामपुर में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन सख्त सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। परीक्षा केंद्रों पर युवा कतार में खड़े रहे। 1733 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। मुफ्त बस सेवा का लाभ लेकर 400 अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचाया गया। परीक्षा के बाद प्रतिक्रियाएं मिली हैं।

भविष्य संवारने निकले 6523 युवाओं ने दी परीक्षा

रामपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को परीक्षा केंद्रों पर सख्ती दिखाई दी। सख्त सुरक्षा जांच के कड़े पहरे के बीच, अपना भविष्य संवारने निकले युवा परीक्षा केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े नजर आए। खाकी पहनने का सपना इन युवाओं के लिए यह परीक्षा सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार की उम्मीदों का इम्तिहान है। पुलिस भर्ती परीक्षा बुधवार को शहर के 16 परीक्षा केंद्रों पर हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में 859 तथा दूसरी पाली में 874 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। दोनों पालियों में 1733 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान पहली पाली में 3269 ने परीक्षा दी। जबकि, दूसरी पाली में 3254 ने परीक्षा दी।

परीक्षा की समय सारणी

पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:05 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी प्रश्नपत्र को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए। परीक्षार्थियों की ओर से परीक्षा को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आईं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

परीक्षा के बाद रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर जुड़ी भीड़

रामपुर। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन अभ्यर्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों की संख्या अधिक होने के कारण यहां भारी पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा छूटने के बाद स्टेशन और रोडवेज पर भीड़ जुटी रही।

मुफ्त बस सेवा

रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा का संचालन किया। बुधवार सुबह सात बजे से 8:30 बजे तक रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन से छह बसों के माध्यम से लगभग 400 अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। इस मुफ्त परिवहन व्यवस्था का लाभ उठाने वाले अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सराहना की। फर्रुखाबाद के विशेष पाल ने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसी व्यवस्था देखी है, जहां रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई। हरदोई के राजेश ने बताया कि कुछ टेंपो चालक अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए मनमानी रकम मांग रहे थे। हालांकि, पुलिस की हेल्प डेस्क ने उन्हें देखते ही तत्काल मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई, जिससे कई अभ्यर्थी टेंपो चालकों की मनमानी से बच गए और उनके यात्रा खर्च की भी बचत हुई।

-यह पहली बार है जब रेलवे स्टेशन पर उतरते ही मुफ्त बस सेवा मिली। जब शुरूआत अच्छी होती है तब पेपर भी ठीक ही जाता है। पेपर आसान था,हल करने में कठिनाई नहीं हुई।

-पूजा।

-रामपुर पहुंचकर प्रशासन द्वारा किए गए विशेष इंतजामों की जानकारी मिली। परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त बस सेवा मिलने से उन्हें काफी राहत मिली और समय पर केंद्र पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई।

-निधि।

-गणित खंड के कुछ प्रश्न अपेक्षा से अधिक कठिन थे। इन प्रश्नों को हल करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, जिससे समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा।

-नेहा।

-सामान्य ज्ञान (जीके) से जुड़े कई प्रश्नों ने उलझाए रखा। मगर इसके अलावा प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य था। आसानी से हल हुआ है।

-आयुषी चौहान।

सामान्य प्रश्न

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा कब आयोजित की गई?
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा बुधवार को शहर के 16 परीक्षा केंद्रों पर हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।