Rampur News: ई-रिक्शा में बच्चों को ले जा रहे चालक को कार ने मारी टक्कर, तीन बच्चे घायल
Rampur News: शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चलाने का आरोप, हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार

Rampur News: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ग्राम मडैयान शादी के सामने कच्ची पटरी पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन बच्चे घायल हो गए, जबकि चालक हरिओम के हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घायलों की हालत
घायल बच्चों में यश की हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रायपुर निवासी हरिओम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने ई-रिक्शा से तीन बच्चों अंश, यश और राघव को लेकर कृष्णा विहार स्थित किड्स गार्डन स्कूल जा रहा था।
कार चालक की लापरवाही
मडैयान शादी के सामने रामपुर की ओर से आई कार संख्या यूपी-22 एजे-7524 के चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार बच्चों को चोटें आईं। यश की हालत गंभीर होने के कारण उसे मुरादाबाद ले जाकर उपचार कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को कब्जे में लेकर अजीतपुर चौकी पर खड़ा करा दिया। हरिओम के मुताबिक हादसे के प्रत्यक्षदर्शी कैलाश पुत्र छोटे और रविंद्र पुत्र गणपत भी हैं। पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

