Rampur News: सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल
Rampur News: बिलासपुर में एक बहन अपने पति और बेटी के साथ भाई को राखी बांधने जा रही थी, तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां महिला को रेफर कर दिया गया।

Rampur News: बिलासपुर में शुक्रवार को अपने पति व बेटी के साथ भाई को राखी बांधने जा रही एक बहन सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गई। इस हादसे में उसके पति व बेटी को भी काफी चोटें आईं। तीनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रेफर कर दिया गया। दोपहर के समय मसवासी निवासी राजेंद्र तोमर (40) अपनी बाइक से नगर की तरफ आ रहे थे। उनकी बाइक पर पत्नी कविता (35) और 4 वर्षीया बेटी रागिनी भी सवार थी। माठखेड़ा रोड पर गोविंदपुरा-कचनाल गांव के पास पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सहित तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
एम्बुलेंस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया। राजेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी कविता को केमरी निवासी अपने भाई को राखी बांधनी थी और वह उन्हें लेकर केमरी स्थित ससुराल जा रहे थे। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डा. मणिक अग्रवाल ने बताया कि महिला के कंधे में फ्रैक्चर की आशंका है, जिस कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य दोनों घायलों को भी शरीर में कई जगह चोटें लगी हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।


