देश में ग्रीन हाइड्रोजन का हब बनेगा रामपुर, आत्मनिर्भर भारत में देगा योगदान

Apr 07, 2026 12:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामपुर
share

Rampur News - रामपुर से राहत की खबर आई है। प्रदेश का पहला और देश का दूसरा ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट तैयार हुआ है। विधायक आकाश सक्सेना ने इसका शुभारंभ किया। यह प्लांट न केवल रसोई गैस का विकल्प बनेगा बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभदायक होगा। इससे कार्बन उत्सर्जन कम होगा और घरेलू तथा औद्योगिक कुकिंग सस्ती होगी।

देश में ग्रीन हाइड्रोजन का हब बनेगा रामपुर, आत्मनिर्भर भारत में देगा योगदान

रामपुर। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण गहराए ऊर्जा संकट के बीच रामपुर से राहत देने वाली खबर आई है। प्रदेश का पहला और देश का दूसरा ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट बनकर तैयार हो गया है, जिसका इस्तेमाल न सिर्फ रसोई गैस के स्थान पर किया जा सकेगा, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पूजन कर हाइड्रोजन प्लांट का शुभारंभ किया। उन्होंने हाइड्रोजन गैस पर बनी चाय का भी आनंद लिया। तहसील सदर के ग्राम ककरौआ में जीरो फुटप्रिंट इंडस्ट्रीज एलएलपी द्वारा प्रदेश का पहला व देश का दूसरा ग्रीन हाइड्रोजन गैस प्लांट स्थापित किया गया है।

करीब 150 करोड़ रूपये की लागत के इस प्लांट को स्थापित करने के लिए सरकार और कंपनी के बीच लखनऊ में आयोजित यूपी इन्वेस्ट कार्यक्रम के दौरान अनुबंध हुआ था। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 फरवरी 2024 को प्लांट का शिलान्यास किया था। अब यह प्लांट बनकर तैयार हो गया है, जिसका शुभारंभ शहर विधायक आकाश सक्सेना, प्लांट डायरेक्टर अमित मोदी, अनुराग अग्रवाल एवं मल्लिका मोदी ने संयुक्त रूप से पूजन कर किया। इसके बाद हाइड्रोजन गैस का उत्पादन शुरू हो गया। इस अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर में प्रदेश का पहला ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट स्थापित हुआ है, जो न सिर्फ प्रदेश की प्रगति, बल्कि देश को आत्मनिर्भर बनाने में भी अपना योगदान देगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से रामपुर के औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। प्लांट डायरेक्टर अमित मोदी ने बतया कि वर्तमान में प्लांट की क्षमता 25 लाख क्यूबिक मीटर ग्रीन हाइड्रोजन की है, जिसे इस साल के अंत तक 75 लाख क्यूबिक मीटर कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी अहम योगदान देगा।नीदरलैंड और जर्मनी से मिल रहा तकनीकी सहयोगरामपुर। जीरो फुटप्रिंट इंडस्ट्रीज एलएलपी द्वारा चीन, नीदरलैंड, जर्मनी जैसे विभिन्न देशों से ग्रीन हाइड्रोजन गैस उत्पादन के लिए तकनीकी अनुबंध हुए हैं, जिससे तकनीकी सहयोग मिल रहा है। कंपनी के डायरेक्टर अमित मोदी ने बताया कि वर्ष 2030 तक 100 मिलियन क्यूबिक मीटर प्रतिवर्ष हाइड्रोजन का उत्पादन करने का लक्ष्य है।तीन लाख पेड़ों के बराबर कम होगा कार्बन उत्सर्जनरामपुर। ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट पर्यावरण के अनुकूल है। इस प्लांट के माध्यम से करीब तीन लाख पेड़ों के बराबर कार्बन उत्सर्जन कम होगा। आने वाले समय में इसका और अधिक विस्तार होगा।घरेलू एवं औद्योगिक कुकिंग होगी सस्तीरामपुर। ग्रीन हाइड्रोजन की मदद से घरेलू एवं औद्योगिक कुकिंग सस्ती हो जाएगी। वर्तमान में रसोई गैस के एक सिलिंडर की बात की जाए तो करीब 1200 रूपये का है, जो सामान्यता एक घर में डेढ़ माह तक चलता है। किंतु, ग्रीन हाइड्रोजन का सात क्येबिक मीटर गैस का सिलिंडर करीब 800 रूपये तक पड़ेगा, जो सामान्यता एक घर में करीब दो माह तक चलेगा। इसी तरह औद्योगिक कुकिंग यानी होटलों, रेस्टोरेंट आदि में भी हाइड्रोजन का उपयोग हो सकेगा। साथ ही उद्योगों एवं वाहनों के संचालन में भी इसका प्रयोग हो सकेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।