Rampur News: 10 अगस्त तक चलेगा विशेष संचारी रोग एवं दस्तक अभियान
Rampur News: रामपुर जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान की अवधि बढ़ा दी गई है। अब यह अभियान 31 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार के लक्षण पहचानेंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जलभराव न होने दें और स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

Rampur News: रामपुर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की अवधि को दस दिन बढ़ाते हुए अब दस अगस्त तक कर दिया गया है। पूर्व में यह अभियान 31 जुलाई तक ही निर्धारित था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान संचारी रोगों की रोकथाम को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए शासन स्तर पर समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। बताया कि विस्तारित अवधि के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर स्वच्छता अभियान और एंटी-लार्वा-फॉगिंग का कार्य तेज करेंगे। जलभराव की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करेंगे।
आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार व अन्य लक्षण वाले मरीजों की पहचान करेंगे। सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आसपास पानी न जमा होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और लक्षण दिखने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।


