वर्दी पहनने का सपना लिए 6539 ने दी परीक्षा
रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा मंगलवार को दूसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 8256 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6539 ने परीक्षा दी, जबकि 1717 अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों को किराये में 50 प्रतिशत छूट दी गई। सिविल पुलिस और रेलवे पुलिस ने परीक्षार्थियों की सहायता की। अब परीक्षार्थियों को परिणाम का इंतजार है।

रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा मंगलवार को दूसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 8256 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6539 ने परीक्षा दी, जबकि 1717 अनुपस्थित रहे। जिले में तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा के लिए 16 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 24,768 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मंगलवार को दूसरे दिन को परीक्षा से पहले ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए थे। अभ्यर्थियों को रेटिना और फिंगरप्रिंट मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक हुई। प्रत्येक पाली में 4128 अभ्यर्थी शामिल होने थे। जिसमें पहली पाली में 4128 अभ्यर्थियों में से 3281 ने परीक्षा दी। जबकि,847 अनुपस्थित रहे। इसके बाद हुई दूसरी पाली में 4128 अभ्यर्थियों में से 3258 ने परीक्षा दी। जबकि,870 अनुपस्थित रहे。
रोडवेज बसों में अभ्यर्थियों को मिली किराये में 50 प्रतिशत छूट
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की ओर से बड़ी राहत दी गई। शासन के निर्देश पर अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अभ्यर्थियों को समय से उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए सुबह पांच बजे ही बसों का संचालन शुरू कर दिया गया था।
मंगलवार को रामपुर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, मेरठ, समेत विभिन्न जिलों में परीक्षा देने के लिए रवाना हुए। वहीं अन्य जिलों से भी अभ्यर्थी रामपुर स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए संचालन व्यवस्था दुरुस्त की।
परीक्षार्थियों की सारथी बनी सिविल पुलिस व जीआरपी
रामपुर। पुलिस आरक्षी परीक्षा में शामिल होने आए हजारों अभ्यर्थियों के लिए सिविल पुलिस व रेलवे पुलिस ने सारथी का काम किया। परीक्षार्थियों को न केवल उनके केंद्र व दूरी की जानकारी दी, बल्कि ई-रिक्शा व टेंपो बैठाकर केंद्र तक पहुंचाया। रोडवेज में सिविल पुलिस व परिवहन निगम व रेलवे स्टेशन में सिविल पुलिस व जीआरपी ने सहायता केंद्र खुले रहे। यहां पर परीक्षार्थियों की हर समस्या का समाधान किया गया। बस स्टैंड में परिवहन निगम व सिविल पुलिस ने अलग-अलग सहायता केंद्र खोले थे। परीक्षार्थियों को न केवल केंद्र व दूरी की जानकारी दी गई। बल्कि उन्हें पुलिस व रोडवेज कर्मचारियों ने बकायदा ई-रिक्शा व टेंपो में बैठाकर परीक्षा केंद्र भेजा गया।
अव्यवस्थाओं के इम्तिहान में परीक्षार्थी पास, अब परिणाम की बारी
रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों का अव्यवस्थाओं ने खूब इम्तिहान लिया। इस इम्तिहान में परीक्षार्थी पास दिखे। हालांकि अब उन्हें परिणाम का इंतजार सताने लगा है। रेलवे स्टेशन में पंखे खराब होने के कारण गर्मी से परीक्षार्थी बेहाल रहे। ट्रेनों के आते ही सीट के लिए धक्का-मुक्की के बीच सफर करना पड़ा। कई परीक्षार्थियों को सीट नहीं मिली तो उन्हें खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में पंखे खराब होने से गर्मी से परेशान परीक्षार्थी इधर-उधर भटकते दिखे। पहली पाली की परीक्षा के बाद लौटने वाले परीक्षार्थियों को बसों में भी गर्मी और भीड़ का सामना करना पड़ा। भीड़ और भारी ट्रैफिक के चलते आवागमन प्रभावित रहा। इससे समय पर रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचना चुनौती बन गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
डीआईजी,डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
रामपुर। तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया।
पेपर का स्तर संतुलित था। सामान्य ज्ञान का हिस्सा थोड़ा कठिन लगा, लेकिन गणित और रीजनिंग के सवाल सामान्य और हल करने योग्य थे।
-संध्या।
-इस बार केंद्रों पर तलाशी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। मेटल डिटेक्टर से जांच और गहन तलाशी के कारण नकल की संभावनाओं पर पूरी तरह रोक लगी।
-रश्मि
-पिछली भर्तियों में पेपर लीक होने के कारण वे काफी डरे हुए थे। हालांकि, इस बार सरकार और भर्ती बोर्ड द्वारा किए गए सख्त दावों से राहत भी मिली, लेकिन मन में थोड़ा संदेह फिर भी बना रहा।
-शिवानी।
-भारी भीड़ के कारण ट्रेनों और बसों में धक्का-मुक्की और खड़े होने तक की जगह न मिलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि,पेपर आसान आया था।
- शैंकी।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


