रामपुर के तीन प्रधानाध्यापकों की क्लास-2 पद पर पदोन्नति
रामपुर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की बैठक के बाद 450 प्रधानाध्यापकों और सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारियों को क्लास-2 में पदोन्नति मिली है। जिले के तीन प्रधानाध्यापकों, विनोद कुमार, नीलम सिंह और विनीता आर्या को उच्च पद पर पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है।

रामपुर। लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के हाई स्कूल के राजपत्रित अधीनस्थ प्रधानाध्यापकों की विभागीय चयन समिति (डीपीसी) की बैठक के बाद बड़ी पदोन्नति की गई है। इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश भर के 450 प्रधानाध्यापकों एवं सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारियों को क्लास-2 में प्रधानाचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समकक्ष पदों पर पदोन्नत किया गया है। माध्यमिक शिक्षा सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में पदोन्नत अधिकारियों ने अपने नए तैनाती स्थलों पर उच्च पद का कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। इस बड़ी पदोन्नति सूची में जनपद रामपुर का भी दबदबा रहा है। जिले से कुल तीन प्रधानाध्यापकों को क्लास-2 अधिकारी के पद पर तरक्की मिली है।
इनमें राजकीय हाई स्कूल रजा नगर के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, राजकीय हाई स्कूल गुजरेला की प्रधानाध्यापिका नीलम सिंह और राजकीय हाई स्कूल खंडिया की प्रधानाध्यापिका विनीता आर्या शामिल हैं। तीनों अधिकारियों की इस उपलब्धि से जनपद के शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है। राजकीय हाई स्कूल रजा नगर के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार की पदोन्नति होने पर रोशन बाग स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश के प्रांतीय महामंत्री व राजकीय हामिद इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुमार गौतम और राजकीय इंटर कॉलेज कैमरी के प्रधानाचार्य भूरा सिंह ने विनोद कुमार को माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


