साइबर ठगी में चार राज्यों के 14 ठगों के खिलाफ रामपुर पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

Newswrap हिन्दुस्तान, रामपुर
share

Rampur News - रामपुर में पांच महीने पहले सिविल लाइंस क्षेत्र में साइबर अपराधियों का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 14 के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की गई है। ये अपराधी विभिन्न राज्यों के निवासी हैं और साइबर ठगी से जुड़े हुए हैं।

साइबर ठगी में चार राज्यों के 14 ठगों के खिलाफ रामपुर पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

रामपुर। पांच माह पहले सिविल लाइंस क्षेत्र में किराये के मकान में चल रहे साइबर अपराधियों का बड़ा नेटवर्क निकला। इस नेटवर्क में अब तक 15 की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 14 के खिलाफ अब न्यायालय में मुकदमा चलेगा। क्राइम ब्रांच ने इन 14 के खिलाफ विवेचना पूरी कर चार्जशीट लगा दी है। चार्जशीट करीब 500 पेज की है। चार्जशीट में शामिल छह आरोपित को पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया था। साइबर ठगी से जुड़े आरोपित बिहार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। इस गैंग में अभी और लोगों की गिरफ्तारी होनी है। गैंग चलाने वाला मुख्य आरोपित भी फरार है।

सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने 27 अक्टूबर 2025 को मुहल्ला मैग्जीन में शान होटल के पीछे एक मकान पर छापा मारा था। पुलिस ने मकान से आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। ये सभी साइबर अपराध से जुड़े थे। साइबर अपराधियों ने किराये के मकान में पैसों का एक अवैध एक्सचेंज बना रखा था। साइबर अपराध के जरिए ठगी गई रकम को यहां से अन्य शहरों व राज्यों के बैंक खातों में भेज दिया जाता था। पुलिस को मकान से छह कंप्यूटर, 113 एटीएम कार्ड, 101 सिम कार्ड, 14 मोबाइल, 37 पासबुक आदि सामान मिला था। पुलिस ने जब आरोपितों से पूछताछ की तो बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की तो गिरोह का नेटवर्क नोएडा तक जुड़ा मिला। क्राइम ब्रांच ने 24 दिसंबर 2025 को नोएडा में छापा मारकर वहां से भी छह लोगों को गिरफ्तार किया और यहां ले आई। सभी आरोपित वर्तमान में जेल में बंद हैं। साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि इस मामले में विवेचना अभी जारी है। फिलहाल पकड़े गए 14 के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।