
तेंदुए की तलाश में वन विभाग ने खंगाला शेखुपुरा का जंगल, पदचिन्ह मिलने से दहशत
Rampur News - गांव हसनपुर-उत्तरी के मझरा बढ़पुरा में तेंदुए की दहशत बढ़ गई है। वन विभाग ने कांबिंग अभियान चलाया जिसमें तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। 8 नवंबर को किसान का कुत्ता तेंदुए द्वारा उठाया गया था। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में बाहर न जाने की सलाह दी गई है।
क्षेत्र के गांव हसनपुर-उत्तरी के मझरा बढ़पुरा शेखुपुरा में तेंदुए की दहशत एक बार फिर से बढ़ गई है। बुधवार को वन विभाग की टीम ने गांव के जंगल में कांबिंग अभियान चलाया। जिसमें तेंदुए के स्पष्ट पदचिन्ह मिलने की पुष्टि हुई है। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बता दें कि बीते 8 नवंबर को हसनपुर-उत्तरी के मझरा बढ़पुरा शेखुपुरा निवासी किसान कमलप्रीत सिंह के पालतू कुत्ते को तेंदुआ घर के आंगन से उठा ले गया था। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। शिकायत मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ और बुधवार की सुबह टीम ने घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम को कई स्थानों पर तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं। वन अधिकारियों ने तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और रात के समय खेतों में न जाने की सलाह दी है। वन क्षेत्राधिकारी सुरेश जोशी ने बताया कि तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और कैमरा ट्रैप लगाने की तैयारी भी की जा रही है। उधर, क्षेत्र में कई निराश्रित गोवंशीय पशुओं के साथ ही कुत्तों का शिकार किए जाने से ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत बरकरार है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




