Rampur News: झमाझम बारिश से कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा
Rampur News: सैदनगर में झमाझम बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा बढ़ा है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को नदी के पास न जाने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा है और पानी खेमपुर व पसियापुर के जंगलों में पहुंच गया है।

Rampur News: सैदनगर। झमाझम बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। रामनगर बैराज से छोड़े गए पानी के कारण नदी किनारे गांव में बाढ़ का खतरा मडराने लगा है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों को अलर्ट करते हुए नदी की ओर न जाने की अपील की है। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जबकि सोमवार पूरी रात हुई झमाझम बारिश से तालाब और नालियां लबालब भर गए। मंगलवार सुबह खेतों में पानी का बहाव तेजी के साथ हो रहा था। झमाझम बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। पहाड़ों पर भी हो रही लगातार बारिश के कारण बैराज से पानी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया।
मंगलवार सुबह रामनगर बैराज से कोसी नदी में करीब 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। कोसी नदी में पानी छोड़े जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। अजीमनगर पुलिस ने नदी किनारे गांवो में जाकर लोगों को अलर्ट किया। इस दौरान ग्रामीणों से कोसी नदी की ओर न जाने की अपील की गई। मंगलवार शाम को नदी किनारो से बाहर निकला पानी खेमपुर और पसियापुर के जंगल में पहुंचने लगा। खेमपुर से पसियापुर को जाने वाले मार्ग पर पुलियों में नदी से निकला पानी बह रहा है। प्रभारी निरीक्षक अजीमनगर दयाशंकर सिंह ने बताया नदी किनारे गांव के लोगों को सतर्क किया गया है। ग्रामीणों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है और अफवाहों पर भी भरोसा न करने को कहा है।


