अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन आंदोलन बनाने की तैयारी
21 जून को होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए विकास भवन में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने इसे जन आंदोलन बनाने की बात कही। किला मैदान से 15 जून से योग दिवस गतिविधियों की शुरुआत की जाएगी। आयुर्वेदिक अधिकारी ने भी योग प्रशिक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए।

21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर विकास भवन सभागार में शुक्रवार को बैठक की गई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद ने इसे जन आंदोलन की तरह विस्तार देने की बात कही। तय हुआ कि इस बार जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सांस्कृतिक सद्भावना मण्डप, पनवड़िया में आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी विकास खंडों, थाना परिसरों, अमृत सरोवरों तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि योग दिवस को उत्सव एवं त्यौहार के रूप में मनाते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही अधिशासी अधिकारी को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई एवं चुना छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए।
15 से किला मैदान से शुरू होगा योग उत्सव
सीडीओ ने बताया कि 15 जून से किले के मैदान से योग दिवस से संबंधित गतिविधियों का शुभारम्भ किया जाएगा तथा 21 जून तक योग से जुड़े विशेष कार्यक्रमों एवं जनजागरूकता गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम है। योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में योगाभ्यास कार्यक्रम सुनिश्चित किया जाय। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागवार दायित्वों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिला कारागार में विशेष योग सत्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मनोज कुमार आर्य ने उपस्थित योग प्रशिक्षकों को शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को योग प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में योग विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे。
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


