पूर्व सपा सांसद एसटी हसन के समधी की प्लाईवुड फैक्ट्रियों में 88 घंटे चला आयकर सर्वे
Rampur News - मुरादाबाद के पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन के समधी के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग ने 88 घंटे तक सर्वे किया। इस दौरान टीम ने वित्तीय दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच की और कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गई। सुरक्षा के लिए फैक्ट्रियों के बाहर सीआरपीएफ का पहरा था।

मुरादाबाद के पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन के समधी के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर 88 घंटे तक चले सर्वे के बाद आयकर की टीम देर रात 12 बजे वापस लौट गई। इस दौरान काफी लोगों से पूछताछ करने के साथ ही टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गई। गंज थाना क्षेत्र के बगी गांव और बाईपास किनारे स्थित पूर्व सांसद के समधी एवं प्रमुख उद्योगपति मुनन खां और बबलू खां की साझेदारी वाली एमएन इंडस्ट्रीज, एनजी प्लाईवुड एंड विनीयर और एमआई इंडस्ट्रीज पर आयकर की टीमें चार दिन पहले पहुंची थीं। जिसके बाद तीनों फैक्ट्रियों के गेट पर सीआरपीएफ के जवानों का पहरा हो गया था।
आयकर विभाग की टीम ने फैक्ट्रियों के कार्यालयों में मौजूद वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों की फाइलों और लेन-देन से जुड़े रिकार्ड की सघन जांच की। इस दौरान इंडस्ट्री परिसर में दिन-रात दस्तावेजों की पड़ताल की गई। टीम ने लेन-देन की गहन जांच की और इंडस्ट्री के सभी वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले। छापेमारी के दौरान इंडस्ट्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। फैक्ट्री के गेट पर चाय का खोखा चलाने वाले गुड्डू ने बताया कि सुरक्षा कारणों से गेट पर मौजूद चाय विक्रेताओं और अन्य लोगों के मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए गए, जिन्हें बाद में वापस किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



