ससुरालियों ने जबरन करवाया गर्भपात, केस
Rampur News - बिलासपुर के पदपुरी गांव में निसार अहमद ने पुलिस को तहरीर दी है कि उनकी बेटी खुशनुमा का निकाह इकरार से हुआ था। पति और ससुराल वालों ने खुशनुमा के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। खुशनुमा गर्भवती थी और मारपीट के कारण उसका गर्भपात हुआ। पीड़िता लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के गांव पदपुरी निवासी निसार अहमद ने पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री खुशनुमा का निकाह पांच वर्ष पहले गांव चैनपुर निवासी इकरार के साथ किया था। आरोप है कि बीते 6 फरवरी को पति इकरार, ससुर जाकिर हुसैन, सास हसीना और देवर साबिर ने खुशनुमा के साथ बुरी तरह मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। लोगों के हस्तक्षेप के बाद खुशनुमा को ससुराल भेज दिया था। लेकिन बीती 30 मार्च को उक्त लोगों ने फिर से खुशनुमा के साथ मारपीट की। खुशनुमा चार माह की गर्भवती थी। पेट में गंभीर चोट लगने के कारण 31 मार्च को कराए गए अल्ट्रासाउंड में गर्भपात की पुष्टि हुई।
ससुरालियों ने बेरहमी से पीटकर उनकी बेटी का गर्भ तक गिरा दिया। बताया कि तीन अप्रैल को गांव के ही कुछ लोगों ने निसार को सूचना देकर बताया कि वह अपनी बेटी को ले जाएं। जब निसार चैनपुर पहुंचे, तो न तो उनकी बेटी खुशनुमा वहां मिली और न ही दामाद इकरार। पीड़िता के पिता ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने उनकी बेटी को कहीं गायब कर दिया है या उसके साथ कोई अनहोनी कर दी है। थानाध्यक्ष पंकज पंत ने बताया कि पिता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। लापता विवाहिता को तलाश किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


