रामपुर से भी जुड़े हनी ट्रैप गिरोह के तार, जांच शुरू
रामपुर में हनी ट्रैप गिरोह के खुलासे के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। गिरोह के सरगना ओंकार सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में उप निरीक्षक का नाम भी सामने आया है। सैफनी के दो भाइयों के साथ भी घटना होने की जानकारी मिली है।

रामपुर। बुलंदशहर पुलिस द्वारा हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा किए जाने के बाद रामपुर पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। गिरोह के तार रामपुर से जुड़ने और सैफनी के दो भाइयों के साथ भी घटना होने की जानकारी सामने आने के बाद जांच शुरू हो गई है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी शाहबाद के नेतृत्व में की जा रही है। जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को बुलंदशहर पुलिस ने एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गिरोह का सरगना ओंकार सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी जोलपुर की मड़ैया, थाना पटवाई भी शामिल था। पुलिस जांच में सामने आया था कि गिरोह लोगों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और आर्थिक लाभ उठाने का काम करता था। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब जांच के दौरान रामपुर में तैनात उप निरीक्षक का नाम भी गिरोह से जुड़ा पाया गया। इसके बाद बुलंदशहर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो सैफनी के दो भाइयों के साथ भी घटना होने की जानकारी सामने आई। अब क्षेत्राधिकारी शाहबाद की निगरानी में पुलिस टीम विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है。
सैफनी प्रकरण में इन बिंदुओं पर चल रही जांच
रामपुर। पुलिस सैफनी प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों को एक-एक कर खंगाल रही है। जांच टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन, आपसी संपर्कों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने जिले में अन्य लोगों को भी अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल या अवैध वसूली का शिकार तो नहीं बनाया। यदि जांच में ऐसे मामले सामने आते हैं तो उन्हें भी विवेचना में शामिल किया जाएगा।
-बुलंदशहर जिले की गुलावठी थाना पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा किया था। पुलिस जांच में सैफनी के लोगों के साथ भी घटना होने की बात सामने आई थी। इस मामले में जांच की जा रही है। पूरी जानकारी जुटाने के साथ ही साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
-देवकी नंदन, सीओ शाहबाद
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


