खसरा पीड़ित बच्चे मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

Apr 08, 2026 12:44 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामपुर
share

Rampur News - शाहबाद में खसरा पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। गांव में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें 9 महीने से 5 वर्ष तक के 498 बच्चों को चिह्नित किया गया है। बुखार और लाल दानों के लक्षण वाले बच्चों के ब्लड सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

खसरा पीड़ित बच्चे मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

शाहबाद। खसरा पीड़ित बच्चे मिलने से स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया है। विभाग ने पीड़ित बच्चों का उपचार शुरू कर दिया है। साथ ही बढते प्रकोप को देखते ही गांवभर के बच्चों के विशेष टीकाकरण का निर्णय लिया है। गुरुवार से विभाग गांव में इसके लिए अभियान चलाएगा। शाहबाद तहसील क्षेत्र के ढोलसर गांव से दो बच्चों में खसरे के लक्षण मिलने की रिपोर्ट की गई थी। इसके बाद विभाग में खलबली पैदा हो गई। गांव पहुंचकर टीम ने जांच की तो पांच बच्चों में खसरे के लक्षण पाए गए। जिस पर उनका ब्लड सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही विटामिन ए की खुराक दी गई।

सीएचसी अधीक्षक डा. मोहित रस्तोगी ने बताया कि गुरुवार को गांव में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों का व्यापक टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को गांव में टीम भेजकर आशाओं और एएनएम की मदद से सर्वे कराया गया। सर्वे कराकर 498 बच्चों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 428 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि आशा और एएनएम की टीमों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उधर, सोमवार को चलाए गए मरीज खोजो अभियान के दौरान पांच ऐसे बच्चे मिले, जिनमें बुखार और शरीर पर लाल दाने के लक्षण पाए गए। सभी के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और एहतियातन विटामिन-ए की खुराक भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर टीकाकरण से खसरा जैसी संक्रामक बीमारी को फैलने से रोका जा सकता है, इसलिए अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को टीकाकरण के लिए जरूर लाएं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।