
रंजिश के चलते घर में घुसकर जानलेवा हमला,फायरिंग का आरोप
संक्षेप: Rampur News - क्षेत्र के ग्राम मझरा ऐवज में दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला किया और फायरिंग की। पीड़ित फरीद अहमद ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उनकी मां को गंभीर रूप से घायल कर...
क्षेत्र के ग्राम मझरा ऐवज में दबंगों की ओर से एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सात नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित फरीद अहमद ने आरोप लगाया है कि 8 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे जवाहरगंज टंडोला निवासी फरमान, दूंदावाला निवासी अमीर अहमद, अब्दुल आरिफ, वाजिद, शरीफजहां, कुम्हारिया कलां मिलक खानम निवासी फारुख, गुलाब सहित कई लोग लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और तमंचे से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी।

विरोध करने पर शरीफजहां ने फरीद की मां नियाज बानो के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमलावरों ने उसकी बहन और भाई हैदर को भी पीटा, जबकि पिता याकूब अली का गला दबाने का प्रयास किया। इस दौरान गुलाब ने तमंचे से फायर भी किया। गोली चलने और शोर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। फरीद अहमद का आरोप है कि उसने घटना की जानकारी थाना स्वार पुलिस को दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी, मगर वहां से भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली,जहां अदालत के आदेश पर थाना स्वार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




