ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश रामपुररामपुर में फातिमा जबीं ने ली चेयरपर्सन पद की शपथ

रामपुर में फातिमा जबीं ने ली चेयरपर्सन पद की शपथ

नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष एवं 43 सभासदों ने मंगलवार की शाम 3:29 पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पालिकाध्यक्ष को एडीएम उमेश कुमार मंगला ने और सभासदों को पालिकाध्यक्ष फातिमा जबीं ने शपथ ग्रहण कराई।...

रामपुर में फातिमा जबीं ने ली चेयरपर्सन पद की शपथ
हिन्दुस्तान टीम,रामपुरTue, 12 Dec 2017 11:34 PM
ऐप पर पढ़ें

नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष एवं 43 सभासदों ने मंगलवार की शाम 3:29 पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पालिकाध्यक्ष को एडीएम उमेश कुमार मंगला ने और सभासदों को पालिकाध्यक्ष फातिमा जबीं ने शपथ ग्रहण कराई। पालिकाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वह सच्चाई और ईमानदारी से काम करेंगी। जबकि, पूर्व पालिकाध्यक्ष ने नई चेयरमैन को खुद से भी ज्यादा सख्त बताया।

नगर पालिका परिषद परिसर में मंगलवार की शाम नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष पर फूल बरसाकर एवं ढोल नगाड़ों से स्वागत किया गया। नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष को उर्दू में 2 मिनट 24 सेकेंड में एडीएम ने शपथ ग्रहण कराई। उर्दू में शपथ ग्रहण कराते हुए वह मुकम्मल शब्द पर अटक गए, कुछ सेकेंडों तक उच्चारण नहीं कर पाने पर शपथ ग्रहण कर रही पालिकाध्यक्ष ने मुकम्मल शब्द बोला तब उसको दोहराकर एडीएम ने शपथ पूरी कराई। इसके बाद मंचासीन सभासदों को पालिकाध्यक्ष फातिमा जबीं ने शपथ ग्रहण कराई। इस अवसर पर उन्होंने मात्र साढ़े तीन मिनट के भाषण में सभी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अल्लाह ने उन्हें खिदमते खल्क का मौका दिया है। वह सच्चाई और ईमानदारी से काम करेंगी। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां ने कहा कि तीन चार महीने में पालिका कर्मचारी बिगड़ गए हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में किसी को कलम से नुकसान नहीं पहुंचाया। लेकिन, अब जो पालिकाध्यक्ष हैं खासी सख्त हैं इनके कलम की मार से कोई बच नहीं सकेगा। इसलिए बेहतर होगा कि कर्मचारी और अधिकारी अपनी आदतों को सुधार लें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर में ई रिक्शाएं और ठेले वाले जाम नहीं लगाएं और अतिक्रमण को स्वयं ही साफ कर लें। पूर्व पालिकाध्यक्ष ने कहा कि तीन महीने में शहर के 150 लोगों की डेंगू से मौत हो गई लेकिन, अब डेंगू गायब हो जाएगा। इससे पहले कार्यक्रम में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां का पूर्व पालिकाध्यक्ष ने गुलदस्ता देकर इस्तकबाल किया। जबकि, स्वार.टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम का ईओ पालिका संतोष कुमार यादव ने गुलदस्ता देकर स्वागत किया। संचालन आसिम राजा ने किया। कार्यक्रम में पूर्व डीसीबी चेयरमैन सलीम कासिम, मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू,मुमताज फूल, मसूद गुड्डू, उबैद उल हक, मुकर्रम रजा इनायती, इरशाद महमूद, शाहजेब खां, प्रभारी संपत्ति अधिकारी सिब्ते नबी, जलकल अभियंता मोहम्मद सईद मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें