पुरानी रंजिश में किसान पर फायरिंग, चार पर मुकदमा दर्ज
Rampur News - पुरानी रंजिश के चलते एक किसान पर जानलेवा हमला हुआ। जब वह अपने खेत से लौट रहा था, आरोपियों ने उसे पीटा और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। किसान बाल-बाल बच गया। सीओ के आदेश पर पुलिस ने दो महीने बाद चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुरानी रंजिश को लेकर एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वह अपने खेत से घर लौट रहा था। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया, जिसमें किसान बाल-बाल बच गया। मामले में सीओ के आदेश पर करीब ढाई माह बाद पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शेखुपुरा गांव निवासी बलकार सिंह पुत्र गुरदेव सिंह ने सीओ को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि काशीपुर-रुद्रपुर स्टेट हाईवे के निकट ग्राम शेखुपुरा में उसका खेत है। 12 नवंबर 2025 की रात करीब 9 बजे वह खेत से घर लौट रहा था।
इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते पहले से घात लगाए बैठे जगतार सिंह, किंदरजीत कौर, गुरदित सिंह और जश्ननदीप मंड उर्फ मन्नू निवासी छेत्री फार्म, थाना बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इसी दौरान गुरदित सिंह ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पीड़ित ने मसवासी चौकी पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीओ को प्रार्थना पत्र दिया। सीओ के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रदीप मालिक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




