किसान दिवस: समस्याओं के समाधान पर जोर, फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य
Rampur News - बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस के दौरान समस्याओं और शिकायतों के समाधान पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। इसके बिना किसान उर्वरक नहीं खरीद सकेंगे। गेहूं क्रय केंद्रों पर भी समस्याएँ सामने आईं।

विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस में उठी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान पर अफसरों का फोकस रहा। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद ने जानकारी दी कि फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य कर दिया गया है। किसान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कृषकों को बताया कि सभी किसान अपनी फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री अवश्य बनवा लें ताकि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके। उप कृषि निदेशक रामकिशन सिंह ने कहा कि 15 से बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसान उर्वरक यूरिया, एनपीके एवं डीएपी आदि क्रय नहीं कर सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है तथा किसानों से कहा कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय करें।सहायक
आयुक्त एवं सहायक निबंधक गणेश गुप्ता ने बैठक में कहा कि जनपद के सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहूं की तौल प्रारंभ हो चुकी है। किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं खतौनी के साथ क्रय केंद्रों पर जाकर अपनी उपज विक्रय कर सकते हैं। किसान दिवस में उपस्थित भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने मुख्य विकास अधिकारी को बताया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाना उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों को असुविधा हो रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि कई स्थानों पर किसानों का गेहूं खुले में रखा हुआ है तथा जनपद में निराश्रित गोवंश की समस्या के कारण फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। कृषक मजहर अली टांडा द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में गेहूं खरीद का सीजन चल रहा है, किंतु टांडा मंडी परिसर में अभी तक क्रय केंद्र स्थापित नहीं किया गया है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र क्रय केंद्र स्थापित किए जाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कृषक उपस्थित रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


