38.6 डिग्री पारे के बीच तल्ख धूप ने किया पस्त
Rampur News - ज्येष्ठ माह के पहले मंगल पर तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर कम निकले और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा छा गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो-चार...

ज्येष्ठ माह के पहले मंगल पर सूर्यदेव ने अपना रौद्र रूप दिखाया। भीषण गर्मी में सड़कों पर सन्नाटा पसरा और चिलचिलाती धूप में लोगों का जीना मुहाल हो गया। मंगलवार को दोपहर के बाद कम लोग ही घरों से बाहर निकले। तापमान बढ़ने से जगह जगह धूप से लोग बेहाल दिखे। वहीं गर्म हवाओं ने भी गर्मी का एहसास कराया। दिन का अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को दिन में धूप ने अपने कड़े तेवर दिखाए। सुबह में आसमान से चिलचिलाती धूप निकली। इससे तापमान बढ़ गया और लोगों के इस भीषण गर्मी में पसीने छूट गए।
तेज धूप की किरणों ने सफर करते लोगों को गर्मी का एहसास कराया। धूप से बचने के लिए लोग छाता लगाकर निकले। वहीं 12 बजे के बाद शहर में सिविल लाइंस, आवास विकास, राधा रोड, माला रोड, रोडवेज और रेलवे स्टेशन आदि सार्वजनिक स्थानों पर तथा बाजारों में गिने चुने लोग ही नजर आए। गर्मी में लोग कूलर, पंखा का सहारा लेकर बचाव करते हुए दिखे। मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि अब गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। आने वाले दो-चार दिनों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इधर, डाक्टरों ने गर्मी से बचाव करने की सलाह देते हुए बताया है कि गर्मी में अनावश्यक बाहर न निकलें। यात्रा के दौरान पानी अपने साथ में रखें। प्यास लगते ही पानी अवश्य पीयें। धूप में निकलना जरूरी हो तो सिर को ढंककर चलें। ताजा फलों का जूस पीयें और पौष्टिक आहार लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।