सेमिनार: अभिभावक बच्चों पर दबाव नहीं, नियमित संवाद बनाएं
Rampur News - शाहबाद के सेंट पॉल्स एकेडमी में आयोजित एक जागरूकता सेमिनार में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी पालन-पोषण के तरीके सिखाए गए। मुख्य वक्ता ने बच्चों की रुचियों को समझने और उनकी तुलना न करने पर जोर दिया। अभिभावकों को बच्चों के साथ समय बिताने और सकारात्मक माहौल बनाने की सलाह दी गई।

शाहबाद। शनिवार को शाहबाद के सेंट पॉल्स एकेडमी में आयोजित जागरूकता सेमिनार में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी पालन-पोषण के लिए प्रभावी पैरेंटिंग के गुर सिखाए गए। रिस्पॉन्सिबिल पैरेंटिग शीर्षक पर आयोजित सेमिनार में वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के साथ जबरदस्ती करने के बजाय उनकी रुचि, क्षमता और स्वभाव को समझना जरूरी है, ताकि वे बिना दबाव के आगे बढ़ सकें। एकेडमी के ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में छह से भी अधिक अभिभावकों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरूआत एकेडमी के प्रिंसिपल फादर जोसमन के स्वागत उद्बोधन के साथ हुई। मुख्य वक्ता राइट रेवेरन डा. मार्टिन वीसी ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक यात्रा में उनका मार्गदर्शन और साथ अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बच्चों की रुचियों को समझकर उन्हें केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेलकूद, कला और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। यह भी बताया गया कि अभिभावक कभी भी बच्चे के सामने शिक्षक या स्कूल की कमियां न गिनाएं। इससे बच्चे के मन में नकारात्मकता पैदा होती है और पढ़ाई के प्रति उसका भरोसा कमजोर पड़ता है। अभिभावक और शिक्षक आपसी समन्वय से बच्चे की समस्याओं का समाधान करें। वक्ताओं ने कहा कि हर बच्चा अलग होता है, इसलिए उसकी तुलना दूसरे बच्चों से करना गलत है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चे की छोटी-छोटी सफलताओं की सराहना करें, जिससे उसका आत्मविश्वास बढ़े। सेमिनार में मोबाइल और स्क्रीन टाइम को सीमित रखने, बच्चों के साथ समय बिताने, उनके खेल और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। बताया गया कि अनुशासन सिखाना जरूरी है, लेकिन यह प्यार और समझ के साथ होना चाहिए, न कि डर के जरिए। इस मौके पर वाइस प्रिंसिपल सिस्टर सविथा, बरखा, नेहा, अरीब, रिमा आदि के अलावा ताहिर खां एडवाेकेट, अंकिश गुप्ता, प्रबल गुप्ता, जरका निसार, शिवांगी गुप्ता, दीक्षा गुप्ता, नाजिम, अम्बरीन खानम आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




