सहायक श्रमायुक्त दफ्तर पर डीएम-एसपी का छापा, एक दबोचा

सहायक श्रमायुक्त दफ्तर पर डीएम-एसपी का छापा, एक दबोचा

संक्षेप:

Rampur News - रामपुर में सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पर डीएम जोगिंदर सिंह और एसपी विद्या सागर मिश्र ने आकस्मिक छापामारी की। छापे के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, जिसके पास सरकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेज...

Oct 14, 2025 03:49 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामपुर
share

रामपुर। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पर डीएम-एसपी ने सोमवार को आकस्मिक छापा मार दिया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से पकड़ा गया है, जिसे सिविल लाइंस पुलिस को सौंप दिया है। पूरे मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित कर दी है। सोमवार की दोपहर में जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पर आकस्मिक छापामारी की। छापामारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय परिसर से पकड़ा गया, जिसके पास से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संबंधित मोबाइल चैटिंग, सरकारी योजनाओं के आवेदन पत्र एवं अन्य दस्तावेज बरामद हुए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जिलाधिकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान संदिग्ध द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर न देने पर उसे थाना सिविल लाइंस पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही जांच कमेटी गठित की गई है। एडीएम की अध्यक्षता में गठित टीम करेगी जांच जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण प्रकरण की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में दो डिप्टी कलेक्टरों की विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। फोर्स तैनाती के आदेश, निगरानी टीम गठित कार्यालय में संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस को आवश्यक सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य शासकीय कार्यालयों में भी गोपनीय निरीक्षण करने के लिए जनपद स्तरीय निगरानी टीम का गठन किया गया है। इसलिए डीएम ने मारा छापा सोमवार को जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह को एक शिकायत प्राप्त हुई जिसमें श्रम विभाग के कुछ कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर अनावश्यक रूप से परेशान करने व जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ न दिए जाने का आरोप लगाया गया। शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकरी ने पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पर आकस्मिक छापामारी की। कार्यालय जनता की सेवा का केन्द्र है, किसी भी कीमत पर इन्हें दलालों का अड्डा न बनने दिया जाए। कार्यालयाध्यक्ष स्वयं यह सुनिश्चित करें कि किसी प्रकार का बाहरी व्यक्ति अथवा बिचौलिया कार्यालयीन कार्यों में हस्तक्षेप न करे। -जोगिंदर सिंह, डीएम