
कोहरा की वजह से जनजीवन हुआ प्रभावित, ठंड से कांपे लोग
Rampur News - दिन भर ठंड से नहीं मिली राहत, घरों में दुबके रहे लोग वन प्रभावित हुआ और सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। छोटे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई
सोमवार सुबह से घना कोहरा और कड़ाके की ठंड का असर रहा। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ और सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। छोटे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई तो वहीं घरों में ठंड की वजह से लोग दुबके रहे। दिन भर ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह के समय में घने कोहरे के कारण सड़कों पर कुछ ही मीटर की दूरी पर देखना मुश्किल हो गया। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा, जिससे आवागमन में परेशानी हुई। हालांकि बीते दिन मौसम कुछ हद तक साफ था और धूप भी निकली थी, लेकिन आज अचानक मौसम ने करवट ले ली।
ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छा जाने से सुबह के समय घर से बाहर निकलना चुनौती बन गया है। इसका सबसे ज्यादा असर किसानों और मजदूरों पर पड़ रहा है, जो रोजाना सुबह-सवेरे अपने काम पर निकलते हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने भी सर्दी और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। सीएमओ डा. दीपा सिंह का कहना है कि सर्दी के मौसम में अक्सर सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का प्रकोप हो जाता है। ऐसे में सर्दी से बचाव रखना जरूरी है। लोग अनावश्यक बाहर निकलनें से बचें और बाहर जाते समय सर्दी से बचाव के लिए उपयुक्त गर्म कपड़ें पहनें। --------- दिन के तापमान का यह रहा हाल सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार सर्दी का प्रकोप आगामी दिनों में बढ़ेगा और न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। सीएचसी-पीएचसी पर व्यवस्थाएं दुरुस्त फोटो: सीएमओ सीएचसी और पीएचसी पर सर्दी से बचाव के लिए व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा चुका है। सभी केंद्रों पर मरीजों के लिए रूम हीटर आदि लगाए जा चुके हैं और रैन बसेरा बना दिए गए हैं, जिनमें मरीजों और उनके तीमारदारों के रुकने ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन बातों का रखें ख्याल -ठंडी हवा के सीधे संपर्क से बचें, कंपकंपी को नजरअंदाज न करें। -भारी कपड़े के स्थान पर ढीले-ढाले, हल्के एवं वायुरोधी ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनें। -संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें। विटामिन सी युक्त फल एवं सब्जियों का सेवन करें। -नियमित रूप से गर्म तरल पदार्थ जैसे चाय, सूप एवं गर्म पानी का सेवन करें। -बंद एवं बिना हवादार कमरों में मोमबत्ती, लकड़ी, कोयला अथवा अंगीठी न जलाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




