Rampur News: कान्हा गोशाला में तीन गोवंशीय पशुओं की मौत
Rampur News: मसवासी नगर पंचायत क्षेत्र की कान्हा गोशाला में सोमवार को एक गाय और दो बछड़ों की मौत हो गई। एक गाय गंभीर रूप से घायल हुई थी और बछड़ों की पेट फूलने से मौत हुई। गोशाला में पहले भी गायों की मौत हो चुकी है, जिससे पशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

Rampur News: मसवासी नगर पंचायत क्षेत्र की कान्हा गोशाला में गोवंशीय पशुओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को यहां एक गाय और दो बछड़ों की मौत हो गई। एक गाय दूसरी गाय से भिड़ने के बाद गंभीर रूप से घायल हुई थी, जबकि दोनों बछड़ों की पेट फूलने के बाद मौत बताई जा रही है। गोशाला में पहले भी कई गोवंशीय पशुओं की मौत हो चुकी है। ऐसे में एक साथ तीन पशुओं की मौत ने गोशाला में पशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस संबंध में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर खौदकलां के निकट स्थित कान्हा गोशाला में सोमवार को दो गाय आपस में भिड़ गईं थीं। भिड़ंत में एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद उसका उपचार कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी दिन गोशाला में दो बछड़ों की तबीयत भी बिगड़ी। दोनों को पेट फूलने की शिकायत थी। रात में चारा खाने के बाद दोनों बछड़ों की मौत हो गई। एक ही दिन में तीन गोवंशीय पशुओं की मौत के बाद गोशाला की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोशाला में बड़ी संख्या में पशु होने के कारण उनकी नियमित स्वास्थ्य निगरानी बेहद जरूरी है। खासतौर पर बीमार या घायल पशुओं की समय से पहचान और उपचार में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।कान्हा गोशाला की क्षमता करीब 300 गोवंशीय पशुओं की है और वर्तमान में यहां करीब 295 पशु बताए जा रहे हैं। इतनी संख्या में पशुओं की मौजूदगी के बीच लगातार होने वाली मौतों को लेकर अब गोशाला की व्यवस्थाओं की गंभीरता से समीक्षा किए जाने की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि चारा-पानी से लेकर साफ-सफाई और पशु चिकित्सा तक की व्यवस्था की नियमित निगरानी होनी चाहिए। डिप्टी सीवीओ डॉ. मनीष राठी ने बताया कि दो गाय आपस में भिड़ गई थीं। भिड़ंत में एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका उपचार कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दो बछड़ों की मौत रात में चारा खाने के बाद पेट फूलने के कारण हुई है। वहीं, एसडीएम राजकुमार भास्कर ने बताया कि मामले में सीवीओ से जानकारी ली जाएगी।


