Rampur News: महीनों से सफाई कर्मी लापता, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Rampur News: बिलासपुर के कुंआखेड़ा गांव में स्वच्छता अभियान के दावों की पोल खुल गई है। एक सफाई कर्मचारी महीनों से गैर-हाजिर है, जिससे गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या बढ़ गई है। इससे परेशान महिलाओं ने प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों से उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Rampur News: बिलासपुर। नगर से सटी ग्राम पंचायत कुंआखेड़ा में स्वच्छता अभियान के दावों की धज्जियां उड़ रही हैं। यहां तैनात सफाई कर्मचारी के महीनेभर से लगातार गैर-हाजिर रहने के कारण गंदगी के ढेर लग गए हैं। जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीण महिलाओं का सब्र रविवार को टूट गया और उन्होंने सफाई कर्मचारी के खिलाफ गांव में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने उच्चाधिकारियों से लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उसे तुरंत निलंबित करने की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की नालियां पूरी तरह गंदगी और कीचड़ से पटी पड़ी हैं। नालियों का निकास अवरुद्ध होने के कारण गंदे पानी का जलजमाव भी बना हुआ है।
जिस कारण गांव में संक्रामक बीमारियों जैसे डेंगू और मलेरिया के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। आरोप लगाया कि तैनात सफाई कर्मी अपनी मनमानी करता है। वह महीने भर से अपनी ड्यूटी पर नहीं आ रहा है, जिससे हालात बद से बदतर हो चुके हैं। साथ ही कुछ कहने पर सफाई कर्मी ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार भी करता है। यदि गांव का कोई भी व्यक्ति या महिला उसे सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहता है, तो वह सीधे मुंह बात नहीं करता और गाली-गलौज व धमकी देने पर उतारू हो जाता है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने खंड विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार कर्मचारी को तुरंत पद से हटाकर किसी दूसरे कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी की नियुक्ति की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर नालियों की मुकम्मल सफाई नहीं कराई गई और कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस अवसर पर लखविंदर सिंह हैप्पी, रामवती, विमलेश, शांति देवी, ऊषा, शकुंतला, गुड्डी, प्रेमलता, राजेश कुमार, राजवीर समेत आदि ग्रामीण मौजूद रहे। बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। इसकी जांच करवाई जाएगी और लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।


