
अभी नहीं खुलेंगी चिकन और अंडे की दुकानें
Rampur News - एसडीएम ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश तक चिकन और अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। पिछले 27 दिनों से क्षेत्र में सभी दुकानें बंद हैं, जिससे विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। अधिकारियों ने...
एसडीएम ने कहा कि जब तक उच्च अधिकारियों का निर्देश प्राप्त नहीं होता, तब तक क्षेत्र में चिकन और अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। क्षेत्र में बर्ड फ्लू को लेकर की लगाई गई पाबंदियों को 27 दिन बीत चुके हैं। पिछले 27 दिन से तहसील सहित जनपद की समस्त अंडा और चिकन की दुकानें बंद पड़ी हुई हैं। साथ ही चिकन सामग्री बेचने वाले होटल भी मटन बिरयानी बेचकर काम चला रहे हैं। वहीं, चिकन और अंडे की शॉप बंद रहने से इनके विक्रेताओं पर आर्थिक संकट गहरा गया है। दुकानें बंद रहने के कारण दिन ब दिन इनकी आर्थिक स्थिति गंभीर होती जा रही है।
जबकि पाबंदियों के बीच मटन, मछली और सब्जी विक्रेता मनमाने दाम भी वसूल रहें हैं। उधर, चिकन कारोबारियों ने अधिकारियों से मुलाकात की थी और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत करवाया था। अधिकारियों ने भी उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया था। लेकिन, दिए गए आश्वासन को भी लगभग एक सप्ताह गुजरने वाला है और अभी तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। इस पर एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि अभी इस प्रकरण में उनके पास कोई आदेश नहीं आया। उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार ही अग्रिम कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रतिबंधित जोन में कुछ छूट भी प्रदान की गई हैं। अंतिम निर्णय जिला प्रशासन की ही मान्य होगा। उधर, दुकानें बंद रहने से चिकन और अंडा कारोबारियों के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। वह दोबारा जिला प्रशासन के सम्मुख अपनी समस्या को रखने की बात कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




