
हरमीत के हत्यारोपी छोटे भाई के खिलाफ केस दर्ज
Rampur News - बिलासपुर में कोतवाली पुलिस ने हरमीत हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज की है, जिसमें मृतक के छोटे भाई नवदीप को आरोपी बनाया गया है। मृतक के भाई और आरोपी के बीच पैसे को लेकर झगड़ा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बिलासपुर। कोतवाली पुलिस ने बीते सोमवार की शाम डोहरिया में हुए हरमीत हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जिसमें मृतक के छोटे भाई को आरोपी बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार दोनों भाईयों में पैसे की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृतक के गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने फरार हत्याभियुक्त की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि मृतक हरमीत के हामिदनगर गांव निवासी तहेरे साले जगदीप सिंह ने मृतक के भाई नवदीप सिंह के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी थी, जिसे बीएनएस की धारा- 103(1) के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट में जगदीप सिंह का कहना है कि उनकी डोहरिया निवासी चचेरी बहन गुरजिंदर कौर ने सोमवार की शाम 4.30 बजे फोन पर सूचना दी कि उनके पति हरमीत को देवर नवदीप ने गोली मार दी है। इस सूचना पर वह अपने भाई जगजीत सिंह को साथ लेकर बाइक से डोहरिया गांव बहन गुरजिंदर की ससुराल पहुंचे। वहां पता चला कि पास-पड़ोस के लोग बहनोई हरमीत को रूद्रपुर अस्पताल लेकर गए हैं। थोडी देर बाद वह लोग हरमीत को कार से लेकर घर आ गए। बहनोई हरमीत मृत अवस्था में थे। उनके पेट के दाहिने तरफ गोली लगी थी। तब उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। जगदीप के अनुसार उनकी बहन गुरजिंदर अभी होशो-हवास में नहीं हैं। उन्हें पता चला है कि बहनोई हरमीत व उनके भाई नवदीप में सोमवार को पैसे की बात को लेकर झगडा हुआ था। मृतक के पोस्टमार्टम की कार्यवाही व अंतिम संस्कार के बाद वह तहरीर लेकर थाने आए हैं। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक को गोली लगने की पुष्टि हुई है। हत्या के आरोपी की तलाश के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




