रेडिको के एजीएम का दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास, केस दर्ज
Rampur News - रामपुर में रेडिको खेतान फैक्ट्री में सहायक महाप्रबंधक का अपहरण करने की कोशिश की गई। आरोपी, जो कि ब्लैक लिस्टेड ट्रांसपोर्ट कंपनी से जुड़े हैं, ने हंगामा किया। जब भीड़ इकट्ठा हुई, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

रामपुर। दिन दहाड़े दो लोगों ने रेडिको खेतान फैक्ट्री में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक के अपहरण की कोशिश की। आरोपी ट्रांसपोर्ट कंपनी चलते है और उसे महाप्रबंधक ने ब्लैक लिस्ट कर दिया था। जिस कारण वह रंजिश मानने लगा था। बीच सड़क हंगामा होने पर भीड़ बढ़ी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचा और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शिवापुरम कालोनी निवासी पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि वह रेडिको खेतान शराब फैक्ट्री में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
मैमर्स बालाजी रोड लाइंस के नाम की ट्रांसपोर्ट कंपनी राहुल नरुला की है। पवन कुमार के अनुसार राहुल नरुला की गाड़ियां फैक्ट्री में लगी थीं। काम सही न होने के कारण उन्होंने राहुल नरुला को ब्लैकलिस्ट कर उनकी गाड़ियों को हटा दिया था। जिस कारण राहुल उनसे रंजिश मानने लगा। नौ मार्च को दोपहर में वह घर पहुंचे। खाना खाने के बाद वह काम पर जा रहे थे। उनके साथ गाड़ी में फैक्ट्री में एजीएम के पद पर तैनात अरविंद यादव भी थे।बताते हैं कि बरेली रोड से थोड़ा पहले राहुल ने उनकी कार को जबरन रोक लिया और नीचे उतरने को कहा। जब वह नीचे नहीं उतरे तो राहुल ने अपने साथी से कहा कि इसे नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में डाल लो। जिस पर वह जबरन उनको कार से नीचे उतारने लगा। उन्होंने विरोध करते हुए कार को पीछे किया लेकिन बात नहीं बनी। इस बीच हंगामा होने पर तमाम लोग मौके पर आ गए। भीड़ बढ़ने पर दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद पवन अग्रवाल सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने राहुल नरुला व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


