रामपुर की सभी 12 गोशालाओं में लगे सीसीटीवी

हिन्दुस्तान, रामपुर
Follow us on Google News
share

जिले में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए 12 गोशालाओं में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। प्रत्येक गो-आश्रय स्थल पर दो कैमरे लगाए गए हैं, जिससे गोवंशों की स्थिति की निगरानी की जाएगी और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

रामपुर की सभी 12 गोशालाओं में लगे सीसीटीवी

निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जनपद में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के सभी 12 गोशालाओं को अब वाई-फाई, सोलर एवं सिम बेस्ड सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की गई है। शुक्रवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने विकास भवन में इसके कंट्रोल रूम में पहुंचकर विधिवत रूप से इसका उद्घाटन कर दिया। प्रत्येक गो-आश्रय स्थल पर दो-दो कैमरे लगाए गए हैं। एक कैमरा प्रवेश द्वार पर स्थापित किया गया है, जिससे आने-जाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके, जबकि दूसरा कैमरा गोशाला के अंदर लगाया गया है, जिसके माध्यम से गोवंशों की स्थिति, भूसा, हरा चारा, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

इन सभी गोशालाओं को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा सके। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फुटेज की सतत मॉनीटरिंग के लिए पशुधन प्रसार अधिकारियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। इस व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए डिप्टी सीवीओ डा. रामलखन को नोडल अधिकारी बनाया है। डीएम ने कंट्रोल रूम से विभिन्न गो-आश्रय स्थलों की लाइव फीड का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कैमरों के साथ ऑडियो माइक्रोफोन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे कंट्रोल रूम से गौशालाओं में हो रही गतिविधियों के संबंध में सीधे संवाद स्थापित किया जा सके तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो। डीएम ने कहा कि गोवंश के संरक्षण, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो और नियमित निरीक्षण एवं निगरानी रखी जाए। इस मौके पर सीडीओ गुलाब चंद्र, सीवीओ डा. अश्वनी चतुर्वेदी, जिला विकास अधिकारी हरिश चंद्र प्रजापति सहित विकास विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले की सभी 12 गोशालाएं सीसीटीवी कैमरे से लैस हो गई हैं। इन गोशालाओं में 24 घंटे निगरानी की जाएगी। अगर कहीं पर कोई गड़बड़ी या कमी पाई जाती है तो तत्काल ही कार्रवाई की जाएगी। गोवंशों के स्वास्थ्य और उनके संरक्षण पर सतत निगरानी रखी जाएगी। -डा. अश्वनी चतुर्वेदी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।