आजम खां परिवार पर आफत! झूठे शपथ पत्र मामले में कोर्ट ने तलब किए बेटे अब्दुल्ला के दस्तावेज
रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से जुड़े कई गंभीर मामलों में सुनवाई हुई। झूठे शपथ पत्र मामले में कोर्ट ने निर्वाचन कार्यालय से अब्दुल्ला के उम्र संबंधी मूल दस्तावेज तलब किए हैं।

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम पर झूठा शपथ पत्र दाखिल करने के आरोप में दर्ज केस में गुरुवार को कोर्ट ने प्रशासन से अब्दुल्ला के उम्र संबंधित दस्तावेज तलब किए हैं। इस केस में अगली सुनवाई 12 जून को होगी। मालूम हो कि अब्दुल्ला आजम ने सपा के टिकट पर पूर्व में स्वार से विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह चुनाव जीत भी गए थे लेकिन, इस चुनाव में उन्होंने जो शपथ पत्र दाखिल किया था, उसमें जन्म प्रमाण पत्र को लेकर पेच फंस गया। दो जन्म तिथि से दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आजम, अब्दुल्ला और आजम की पत्नी तंजीन फात्मा तीनों को सजा हो चुकी है।
उसी आधार पर अब्दुल्ला के खिलाफ झूठा शपथ पत्र दाखिल करने का केस दर्ज कराया गया था। इस मामले का ट्रायल एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है, जहां गुरुवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने निर्वाचन कार्यालय और जिला निर्वाचन अधिकारी से अब्दुल्ला के जन्म प्रमाण पत्र, शपथ पत्र आदि का रिकार्ड तलब किया है। केस में अगली सुनवाई के लिए 12 जून की तारीख मुकर्रर की गई है।
स्वीपर मशीन प्रकरण में आरोप तय नहीं
रामपुर। सपा नेता आजम खां, अब्दुल्ला आजम, पूर्व चेयरमैन अजहर अहमद खां आदि के खिलाफ नगर पालिका की स्वीपर मशीन चोरी प्रकरण में गुरुवार को चार्जफ्रेम होना था, लेकिन स्थगन के चलते आरोप तय नहीं हो सके। अब इस केस में अगली सुनवाई 12 जून को होगी।
अपील पर अब 18 को होगी सुनवाई
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में सजा को चुनौती देते हुए एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में दाखिल अपील पर गुरुवार को सुनवाई हुई। इस दौरान अभ्यिोजन पक्ष ने बहस की, जो पूरी नहीं हो सकी। कोर्ट में 18 मई को सुनवाई होगी।
गवाह को धमकाने में सुनवाई 21 को
रामपुर। गवाह को धमकाने के मामले में आजम खां पर दर्ज मुकदमें में गुरुवार को सुनवाई टल गई। अब इस केस में 21 मई को सुनवाई होगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


