मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों का तांडव; जीप की साइड लगने पर भड़के, गाड़ी को चकनाचूर किया

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)
Follow us on Google News
share

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों की एक प्राइवेट जीप से मामूली टक्कर हो गई। इससे नाराज कांवड़ियों ने जीप में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाल ली। जीप को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों और एक प्राइवेट जीप के बीच मामूली टक्कर के बाद पुरकाजी क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना से नाराज कांवड़ियों ने जीप में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कांवड़ियों को शांत कराया और उनकी यात्रा सुचारु रूप से आगे बढ़वाई।जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी नितिन, नवीन और प्रिंस हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। जब वे पुरकाजी के लक्सर चौराहे से गुजर रहे थे, तभी एक प्राइवेट जीप की साइड उनकी कांवड़ से टकरा गई।

जीप की साइड लगने पर भड़के कांवड़िए, गाड़ी तोड़ी

टक्कर के बाद कांवड़िए आक्रोशित हो गए और विरोध जताते हुए जीप को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी यात्रा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। इसके बाद कांवड़ियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

चालक की पहचान राशिद के तौर पर हुई

पुरकाजी प्रभारी निरीक्षक मानवेन्द्र भाटी ने बताया कि घटना में शामिल जीप को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जीप चालक की पहचान पुरकाजी निवासी राशिद के रूप में हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि बढ़ती भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।