मुस्लिम महिला के इंतकाल ने रोक दी रामलीला, गांव ने पेश की भाईचारे की मिसाल

लाइव हिन्दुस्तान, बिजनौर
share

बिजनौर में हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल सामने आई है। जहां 85  साल की मुस्लिम महिला के इंतकाल पर रामलीला का मंचन रोक दिया गया। गांव के लोग उन्हें बुआ कहकर बुलाते थे। वहीं, उनके मौत से गांव में मातम पसर गया है।

Ramlila halted Muslim woman death
मुस्लिम महिला की मौत पर रामलीला रुका

यूपी के बिजनौर से इंसानियत और भाईचारे की दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है। जहां शनिवार रात एक मुस्लिम बुजुर्ग महिला के इंतकाल ने रामलीला रोक दी। कमेटी ने रामलीला को स्थगित कर दिया। वहीं, महिला की मौत के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया। दरअसल, सभी उन्हें बुआ कहकर बुलाते थे।

ये मामला धामपुर के मोहड़ा गांव का है। यहां रहने वाली 85 साल की गफूरन की शनिवार शाम तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर एक डॉक्टर के यहां गए। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। देर रात उनका इंतकाल हो गया। गफूरन गांव में सभी की चहेती थी और सभी उन्हें बुआ कहकर पुकारते थे। उनका शव घर पर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। इसी रात आठ बजे गांव में आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला का मंचन होना था। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लेकिन जैसे ही कमेटी को गफूरन के इंतकाल की सूचना मिली, कमेटी ने तुरंत बैठक कर मंचन स्थगित करने का फैसला लिया।

पूरे गांव की बुआ थीं गफूरन

ग्राम प्रधान और रामलीला कमेटी के संयोजक ऋषिपाल ने बताया कि गफूरन पूरे गांव की बुआ थीं। उनके निधन पर पूरे गांव में शोक है। ऐसे में रामलीला मंचन करना उचित नहीं था। यह निर्णय गांव की एकता और बुजुर्ग के प्रति सम्मान के लिए लिया गया। गांव के इस फैसले से मोहड़ा में हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश हुई है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।

जब जनाजे के लिए कांवड़ियों ने रोक दी भीड़

ऐसा ही एक मामला अगस्त महीने में मेरठ से सामने आया था। जिसमें इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द्र की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। दरअसल, हार्ट अटैक से हुई एक युवक की मौत के बाद कब्रिस्तान तक शव ले जाने के लिए कांवड़ियों ने खुद आगे बढ़कर हजारों की भीड़ का कारवां रोक दिया और जनाजे के लिए रास्ता बनाया था।

ये मामला दो महीने पहले 9 अगस्त का है। सिवाया गांव के रहने वाले 40 साल के निजाम की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। जब परिजन शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए ले जाने की तैयारी की तो हाईवे कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों का भारी जनसैलाब चल रहा था। कब्रिस्तान हाईवे के दूसरी तरफ होने के कारण परिजनों के सामने जनाजा निकालने की चुनौती खड़ी हो गई। इस पर कांवड़ियों के एक ग्रुप ने खुद आगे बढ़कर जनाजे के लिए कांवड़ यात्रा की भीड़ को रोक दिया औररास्ता बनाया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsमुस्लिम महिला के इंतकाल ने रोक दी रामलीला, गांव ने पेश की भाईचारे की मिसाल