
राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, अयोध्या से लखनऊ मेदांता रेफर
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और प्रख्यात संत महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत बुधवार को अचानक खराब हो गई। सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेदांता लखनऊ रेफर कर दिया है।
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और प्रख्यात संत महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत बुधवार को अचानक खराब हो गई। उल्टी-दस्त और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया और हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है। इससे पहले मणिराम दास छावनी स्थित उनके निवास पर डॉक्टरों की एक टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। उनकी उम्र और पुरानी बीमारियों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और उनके अनुयायियों ने बिना देरी किए उन्हें लखनऊ रेफर करने का फैसला लिया।
रात में उल्टी-दस्त के बाद बिगड़ी तबीयत
महाराज के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास के अनुसार महाराज दो दिनों से भोजन ग्रहण नहीं कर रहे थे। इसके कारण उन्हें कमजोरी बहुत थी। वहीं रात में उल्टी -दस्त भी शुरू हो जाने से हालत बिगड़ती दिखाई दी। उन्होंने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम गुंडे के अलावा श्रीराम अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह को फोनकर जानकारी दी। इसके बाद सेवानिवृत्त वरिष्ठ फिजीशियन डा. एसके पाठक व श्रीराम अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डा. रामकिशोर ने आश्रम में जाकर उनका चेक अप किया। चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
रेफर की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डा. सुशील बालियान ने श्रीराम अस्पताल से एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एम्बुलेंस के साथ वरिष्ठ फिजीशियन डा. आरपी सागर के नेतृत्व में मेडिकल टीम भी भेजी। यह टीम महाराज को लेकर लखनऊ रवाना हो गई।
भक्तों और संतों में चिंता की लहर
महंत जी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही अयोध्या के संत समाज और देश-दुनिया में फैले उनके करोड़ों भक्तों में चिंता की लहर दौड़ गई है। हनुमानगढ़ी के संतों और राम मंदिर ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पहले भी मेदांता में चला इलाज
बता दें कि महंत नृत्य गोपाल दास पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और समय-समय पर उन्हें रूटीन चेकअप और इलाज के लिए मेदांता लाया जाता रहा है। 88 वर्ष से अधिक की आयु होने के कारण उनका स्वास्थ्य अक्सर संवेदनशील बना रहता है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



