राम मंदिर से करीब 3 करोड़ की चोरी हुई, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव ने पहली बार माना
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट ने पहली बार माना कि कितनी रकम की चोरी हुई है। कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि करीब तीन करोड़ की चोरी हुई है।

अयोध्या में राम मंदिर से दान चोरी पर पहली बार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से रकम को लेकर आधिकारिक बयान सामने आया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी ने माना कि मंदिर से करीब तीन करोड़ रुपए की चोरी हुई है। अभी तक चोरी की रकम को लेकर अलग-अलग अनुमान लगाया जा रहा था। एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में 80 लाख रुपए बरामदगी की बात लिखी थी। गोविंददेव ने यह भी कहा कि 14 करोड़ का सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की बातें गलत हैं।
अपने इस्तीफे से साफ इनकार
पुणे के दौरे पर गए गोविंददेव गिरी ने एक एजेंसी से बात करते हुए अपने इस्तीफे की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि मैंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। इस्तीफा देने के बारे में न तो मैंने कभी कुछ कहा है और न ही मेरे मन में ऐसा कोई विचार है। मैं छत्रपति शिवाजी महाराज का अनुयायी हूं। मैदान छोड़कर भागने वाला नहीं हूं।
चंपत राय ने स्वेच्छा से दिया इस्तीफा
गोविंददेव ने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव पद से चंपत राय ने अपनी स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है। यह कहना सही नहीं होगा कि उन्हें बलि का बकरा बनाया गया है। उन्हें इस बात का एहसास जरूर है कि थोड़ी लापरवाही हुई है। ऐसे में उन्होंने खुद से इस्तीफा दिया है। उन पर कोई दबाव नहीं था।
एसआईटी जांच में हस्तक्षेप नहीं
उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं। किसी पर कोई दबाव नहीं डाला जा रहा है। जांच को प्रभावित करने की कोई कोशिश नहीं हो रही है। रामलला के खिलाफ अपराध किया गया है। जिसने भी यह किया है उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम पुणे में बैठे हैं। यहां केवल एक कमरे का घर और रसोई है। इसकी एक ईंट भी मेरे नाम पर नहीं है।
22 को ट्रस्ट की बैठक, अहम बदलाव की संभावना
श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र की अगली बैठक में कई बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है। तय एजेंडे के मुताबिक 22 जुलाई को दो हिस्सों में प्रस्तावित बैठक में ट्रस्ट सदस्यों के रिक्त पदों पर चयन, एसआईटी की रिपोर्ट और ट्रस्ट की पांचों समितियों में बदलाव पर चर्चा होनी है। माना जा रहा है कि ट्रस्ट को अपनी पांचों समितियों में भी बदलाव करना पड़ेगा, क्योंकि इनसे जुड़े रहे सदस्यों के पद रिक्त हो गए हैं। इस नाते नए सदस्यों को इसकी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बायलॉज में कार्य विभाजन के नजरिए से पांच समितियों की व्यवस्था की गई है। इनमें निर्माण , वित्त , आडिट , धार्मिक और मैनेजिंग समितियां शामिल हैं। यह समितियां 11 नवंबर 2020 के ट्रस्ट डीड के अनुसार गठित की गई हैं। इन समितियों के चेयरमैन को अधिकार है कि वह जरूरत के मुताबिक समिति में ट्रस्ट के बाहर के किसी व्यक्ति को विषय विशेषज्ञ के रूप में नामित कर सकता है।
निर्माण समिति के चेयरमैन सेवानिवृत्त आईएएस और ट्रस्ट के पदेन सदस्य नृपेंद्र मिश्र हैं। उन्होंने निर्माण समिति में ट्रस्ट के सदस्यों के अतिरिक्त विशेषज्ञों को नामित किया है। इस कमेटी में तीर्थ क्षेत्र के निवर्तमान महासचिव चंपतराय के अलावा न्यासी डॉ. अनिल मिश्र, अयोध्या नरेश विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र भी शामिल थे। चंपत राय और अनिल मिश्र का इस्तीफा हो चुका है। अयोध्या नरेश के निधन के चलते सदस्य का पद रिक्त है। इस नाते भी बदलाव का प्रस्ताव बैठक में रखा जा सकता है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


