राम मंदिर में डिप्टी सीईओ की भी होगी नियुक्ति, ऐसे होगा सलेक्शन; योग्य प्रवक्ता की भी तलाश

संवाददाता, अयोध्या
Follow us on Google News
share

राम मंदिर ट्रस्ट के नये महासचिव नियुक्त हुए महंत गोविंद देव गिरि ने बताया कि निकट भविष्य में डिप्टी सीईओ की भी तैनाती की जाएगी। ट्रस्ट के प्रवक्ता के लिए जिस उपयुक्त नाम की तलाश है, वह अभी पूरी नहीं हुई है। इसके कारण प्रवक्ता का चयन स्थगित रखा गया है।  तलाश पूरी होते ही घोषणा कर दी जाएगी।

ram temple deputy ceo will also be appointed a qualified spokesperson is also being sought
राम मंदिर में डिप्टी सीईओ की भी होगी नियुक्ति, ऐसे होगा सलेक्शन

राम मंदिर में पहले और नये मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र की नियुक्ति की घोषणा बुधवार को हो गई। आने वाले कुछ समय ही संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (डिप्टी सीईओ) की भी तैनाती की जाएगी। यह जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट के नये महासचिव नियुक्त हुए महंत गोविंद देव गिरि ने अपने पहले बयान में मीडिया से साझा की। उन्होंने कहा कि सर्च कमेटी ने अथक परिश्रम के साथ पारदर्शी प्रक्रिया से डिप्टी सीईओ के चयन की समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार डिप्टी सीईओ का सलेक्शन उपलब्ध कराए गये पैनल से हो जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट के प्रवक्ता के लिए जिस उपयुक्त नाम की तलाश है, वह अभी पूरी नहीं हुई है। इसके कारण प्रवक्ता का चयन स्थगित रखा गया है। जैसे ही उपयुक्त नाम की तलाश पूरी होगी वैसे घोषणा कर दी जाएगी। नये महासचिव श्री गिरि ने ट्रस्ट के तीन नये ट्रस्टियों का स्वागत करते हुए सर्च कमेटी के सदस्यों जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक एवं उद्योगपति सुरेश हावड़े के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवनियुक्त ट्रस्टी डा. निर्मला यादव को लेकर कहा कि ट्रस्ट में आदिशक्ति के रूप में उनके पदार्पण से परिपूर्णता आ गयी है। उन्होंने कहा कि हमें बना बनाया मंदिर सेवा के लिए मिला है। हमारा मुख्य लक्ष्य अयोध्या को विश्व की सांस्कृतिक राजधानी बनाना है। इसके लिए राम मंदिर के वातावरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाना होगा और राम मंदिर की सेवा पद्धति को अनुकरणीय बनाना होगा।

सर्च कमेटी की पहली और दूसरी पसंद सेना के अफसर

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन को लेकर सर्च कमेटी द्वारा ट्रस्ट को दिए 6 नाम में से पहली और दूसरी पायदान पर सेना के अफसर ही रहे। सर्च कमेटी ने छह नामों का पैनल सौंपा है। इनमें तीन नाम पहली प्राथमिकता और तीन नाम दूसरी प्राथमिकता के तौर पर रखे गए हैं। सर्च कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि पहली प्राथमिकता वाले तीनों अधिकारी सीईओ पद का दायित्व संभालने से इनकार करते हैं तो ट्रस्ट दूसरी प्राथमिकता वाले तीन नामों पर क्रमशः विचार कर सकता है। दूसरी पायदान पर मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह विश्वास राव का नाम रखा।

ट्रस्ट को सौंपा था 6 नामों का पैनल

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बुधवार को बताया कि सर्च कमेटी ने 1 सितंबर को अपनी विस्तृत रिपोर्ट के साथ छह नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपा था। इसमें तीन नामों को पहली प्राथमिकता तथा तीन नामों को दूसरी प्राथमिकता के पैनल में रखा गया है। कमेटी की सिफारिश के अनुसार पहले पैनल के किसी नाम के पदभार ग्रहण करने से इनकार करने की स्थिति में क्रम के आधार पर अगले नाम पर विचार किया जा सकता है। कृष्ण मोहन के मुताबिक, पहली प्राथमिकता वाले पैनल में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र का नाम सबसे ऊपर था। इसके बाद दूसरे स्थान पर मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह विश्वास राव और तीसरे स्थान पर श्रुति भारद्वाज का नाम रखा गया है।

5500 से अधिक ने किया था सीईओ के लिए आवेदन

उन्होंने बताया कि सीईओ पद के लिए आए 5500 से अधिक आवेदनों में से सर्च कमेटी ने लंबी प्रक्रिया के बाद छह नामों को शॉर्टलिस्ट किया। कमेटी में शामिल सदस्यों और इसके सचिव समीर पांडा ने इस पूरी चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। आवेदनों की बड़ी संख्या में से योग्य उम्मीदवारों की छंटनी के बाद छह नामों को अंतिम रूप देकर ट्रस्ट के सामने रखा गया। जिसमें से न्यास ने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के नाम की घोषणा कर दी।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsराम मंदिर में डिप्टी सीईओ की भी होगी नियुक्ति, योग्य प्रवक्ता की भी तलाश