राम मंदिर चढ़ावा चोरी: चंपत राय बनेंगे गवाह या आरोपी? चोरी की जानकारी थी, बरामद कराए थे 80 लाख

लखनऊ, विशेष संवाददाता
Follow us on Google News
share

राम मंदिर दान चोरी के मामले के खुलासे के बाद ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले चंपत राय के बयान और गवाही को मजबूत साक्ष्य माना जा रहा है। ऐसे में कहा जा रहा है कि उन्हें गवाह बनाया जाएगा। अगर वह गवाह नहीं बनते तो आरोपी बनने की तलवार उन पर लटक रही है।

Ram Mandir Donation Theft: Champat Rai
राम मंदिर दान चोरीः चंपत राय

अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से चढ़ावा चोरी की दो स्तरों पर हो रही जांच में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव रहे चंपत राय मुख्य भूमिका में हैं। जल्द ही यह तय हो जाएगा कि चंपत राय गवाह बनेंगे या फिर आरोपी। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि चंपत राय गवाह नहीं बने तो सह आरोपी बनाए जा सकते हैं! अब तक की जांच में तो उन्होंने सकारात्मक सहयोग दिया है। मुकदमे में अभियोजन पक्ष के लिए चंपत राय की गवाही अहम होगी। इस नाते माना जा रहा है कि चंपत राय को ही पुलिस मुख्य साक्षी बना सकती है।

दरअसल, चंपत राय की गवाही ही मुकदमे का आधार बनेगी। एसआईटी और पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कर दिया है कि चढ़ावा चोरी के करीब 80 लाख रुपये ट्रस्ट के तत्कालीन महासिचव चंपत राय ने ही सौंपे थे। इसके बाद ही एसआईटी गठित हुई और प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद ट्रस्टी कृष्णमोहन की ओर से 8 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ रामजन्मभूमि कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने वादी मुकदमा कृष्णमोहन की आरोपों के संबंध में गवाही दर्ज की है। चंपत राय से भी रुपयों की बरामदगी के संबंध में पूछताछ हुई है। एसआईटी ने भी कई चक्र पूछताछ की है।

वायरल वीडियो के मुताबिक चंपत राय पुलिस के साथ ही 5 जून को चढ़ावा चोरी की तलाश में निकले थे। उन्हें झोला लेकर निकलते भी देखा गया। इस नाते भी चंपत राय मुख्य गवाह माने जा रहे हैं। चंपत की गवाही आरोपों को साबित करने में मददगार साबित होगी और मुकदमे को मजबूती देगी। कानूनन भी चंपत राय को गवाही देनी पड़ेगी। यदि नहीं देते हैं तो उन्हें भी आरोपी बनाया जा सकता है। जांच से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि अब तक की जांच में कई उतार चढ़ाव आए हैं। चंपत राय के बयान के आधार पर आरोपियों से पूछताछ हुई है। चंपत राय ने जांच में अभी तक पूरा सहयोग दिया। हर रिकार्ड और तथ्य दिखाए हैं। हर सवाल का जवाब भी बेबाकी से दिया है।

दानपात्रों के चढ़ावा की गणना के दौरान चोरी का मुद्दा तब सामने आया जब बाथरूम में कुछ रुपये मिले। इसके बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सक्रिय हुए और संदिग्ध आरोपियों की तलाश में लग गए। पुख्ता जानकारी की आधार पर रात में पुलिस को लेकर निकले और 80 लाख रुपये बरामद कर ले आए। यह सब होने के बाद मीडिया में आई खबरों को नजरंदाज करने की कोशिश की गई। चंपत ने अपनी संक्षिप्त सफाई में कहा कि कोई उल्लेखनीय गड़बड़ी नहीं पाई गई। यहां से उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे। जब विवाद हाथ से बाहर निकल गया तो ट्रस्ट की ओर से चंपत राय ने राज्य सरकार से एसआईटी जांच की सिफारिश की। एसआईटी जांच में भी चढ़ावा चोरी के स्पष्ट सबूत मिलने के बाद स्थिति साफ हो गई।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsचंपत राय बनेंगे गवाह या आरोपी? चोरी की जानकारी थी, बरामद कराए थे 80 लाख