अयोध्या में कुछ बड़ा होने वाला है? चंपत राय के लेटर से खलबली, पदाधिकारियों की बैठकों का दौर तेज

अयोध्या, संवाददाता
Follow us on Google News
share

Ram Mandir Controversy: अयोध्या राम मंदिर दान चोरी को लेकर अलग-थलग हो चुके पूर्व महासचिव चंपत राय का दो दिनों में दो लेटर वायरल हुआ है। इन पत्रों से खलबली मची है। नए महासचिव इससे हुए नुकसान को रोकने में जुट गए हैं। गोपाल राव भी एक्टिव दिखाई दिए हैं।

अयोध्या में कुछ बड़ा होने वाला है? चंपत राय के लेटर से खलबली, पदाधिकारियों की बैठकों का दौर तेज

Ram Mandir Controversy: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय द्वारा पत्र जारी किए जाने से ट्रस्ट में खलबली मची है। नए और पुराने पदाधिकारियों के बीच मेल-मुलाकात और बैठकों का दौर तेज हो गया है। पदाधिकारी पत्र से हुए नुकसान की भरपाई में जुट गए हैं। तीर्थ क्षेत्र भवन में निवास कर रहे चंपत राय से मुलाकात करने के लिए ट्रस्ट के नए महासचिव कृष्ण मोहन और कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी पहुंचे। इसके कुछ घंटे बाद प्रसिद्ध साहित्यकार और लेखक यतीन्द्र मोहन मिश्र, बड़ा भक्तमाल के पीठाधीश्वर महंत अवधेश दास, जानकी घाट बड़ा स्थान के महंत जनमेजय शरण, श्री रामबल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास और ट्रस्ट के पूर्व सदस्य गोपाल राव कोषाध्यक्ष से मिलने के लिए पहुंचे। प्रमुख साधु-संत और पूर्व सदस्य की बातचीत लगभग एक घंटे से अधिक तक चली। बाहर निकलने के बाद महंतों ने एक लाइन में बताया कि जल्द कुछ बड़ा होने वाला है।

राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के बीच आपस में ही दूरियां बढ़ गई हैं। इस बात के संकेत मिलने लगे हैं। महासचिव पद से चंपत राय को निकाले जाने के बाद से वह काफी नाराज हैं। उन्हें लगता है कि बुरे समय में उनका साथ सभी ने छोड़ दिया है। मंगलवार को पत्र जारी करने के साथ उन्होंने रामायण का श्लोक लिखकर इस बात को समाज में सार्वजनिक भी किया। पत्र के माध्यम से उन्होंने अपनी पीड़ा भी व्यक्त की है। अब दूसरा पत्र उनके द्वारा जारी न किया जाए इसे रोकने की कवायद शुरू हो गई है। तीर्थ क्षेत्र पुरम में मुलाकात के निहितार्थ इसी रूप में तलाशे जा रहे हैं।

सूत्र बताते हैं कि चंपत राय से मंगलवार की देर शाम और बुधवार की सुबह संघ और विश्व हिंदू परिषद के कुछ शीर्ष पदाधिकारियों ने भी फोन पर बात की है और उन्हें कुछ दिन शांत रहने के साथ सब ठीक करने की बात कही है।

आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन होगा जिसकी सराहना होगी

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देवगिरी ने वैदेही भवन के बंद कमरे में एक घंटे से अधिक तीन मंदिर के महंतों से बातचीत की है। बाहर निकलने के बाद श्री राम बल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने कहा, आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन होगा जिसकी चारों तरफ सराहना होगी। बड़ा भक्तमाल मंदिर के महंत अवधेश दास ने बताया कि राम मंदिर की व्यवस्था कैसे सुधारी जाए इस विषय पर बैठक थी।

जानकी घाट बड़ा स्थान के महंत जन्मेजय शरण ने बताया, कोषाध्यक्ष से कहा गया है कि ट्रस्ट में संतों का भी नेतृत्व रहे इस पर विचार करना जरूरी है। क्योंकि पीढ़ी दर पीढ़ी संतों ने आंदोलन में सहभागिता निभाई है। अभी तक ट्रस्ट द्वारा संतों की जो उपेक्षा हुई है उसी का फल सामने प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया, ट्रस्ट के लोग भी यह मान रहे हैं।

22 तारीख के पहले हो सकती है संतों की बड़ी बैठक

ट्रस्ट की बैठक 22 जुलाई को प्रस्तावित है। इससे पहले संतों की एक बड़ी बैठक होने की सूचना मिल रही है। सूत्र बताते हैं कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद संतों से संपर्क करने में जुट गया है। बैठक में 500 से अधिक संतों महंतों की सहभागिता दिख सकती है। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह बताया जा रहा है कि चढ़ावा चोरी मामले में हिंदू समाज में जो नकारात्मकता फैली है उसे कैसे दूर किया जाए।

संतों-महंतों से आग्रह किया जाएगा कि वह प्रवचन और अन्य माध्यमों से अपने शिष्यों को बताएं कि चोरी मामले में पूरा ट्रस्ट नहीं, कुछ लोग शामिल थे जिन्हें जेल भिजवाया गया। यह सारा कार्य ट्रस्ट द्वारा ही किया गया है क्योंकि पूर्व महासचिव चंपत राय के कहने पर एसआईटी का गठन हुआ और केस भी ट्रस्ट के सदस्य ने ही दर्ज करवाने का काम किया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।