रमाशंकर ने खोले दान चोरी के राज, बताया कैसे छिपाते थे रुपए, पिता से भी पांच घंटे तक पूछताछ

अयोध्या, संवाददाता
Follow us on Google News
share

Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर दान चोरी के मामले में बुधवार को रिमांड पर लिए गए रमाशंकर मिश्रा ने कई राज खोले हैं। उसने पुलिस को यह भी बताया है कि कैसे दान चोरी के रुपए छिपाते थे।उसके पिता से भी पांच घंटे तक पूछताछ की गई है।

Ram Mandir Donation Theft

Ram Mandir Donation Theft: राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच में 14 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस ने रिमांड पर लिए गए दोनो आरोपियों सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा से पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएट कराया। इस दौरान दोनों आरोपियों से चोरी की योजना, वारदात को अंजाम देने के तरीके और चोरी के बाद रकम व आभूषणों को ठिकाने लगाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस की टीम रमाशंकर मिश्रा को लेकर मीरापुर स्थित उसके किराए के मकान पर लेकर गई। यहां से पुलिस ने एक पिठ्ठू बैग बरामद किया। हालांकि पुलिस ने बैग में क्या मिला, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन चर्चा है कि इसमें चढ़ावे से जुड़ी नकदी या आभूषण हो सकते हैं।

इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित उस स्थान पर भी लेकर पहुंची, जहां पूछताछ में उन्होंने चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करने की बात स्वीकार की थी। मौके पर दोनों से घटनाक्रम की क्रमवार पुनरावृत्ति कराई गई और यह समझने का प्रयास किया गया कि चोरी के बाद रकम किस प्रकार एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जाती थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम सुभाष श्रीवास्तव के आवास पर भी पहुंची थी। लेकिन वहां क्या हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा से अलग-अलग तथा आमने-सामने बैठाकर भी सवाल किए, ताकि उनके बयानों का मिलान किया जा सके। इस दौरान रमाशंकर ने चढ़ावा चोरी से जुड़े कई अहम और चौंकाने वाले तथ्यों का खुलासा किया।

उसने पुलिस को बताया कि चोरी की बड़ी रकम को कैसे छिपाया जाता था और बाद में संदेह से बचते हुए किस तरीके से उसे बाहर निकाला जाता था। अब दोनों आरोपियों से मिली जानकारियों के आधार पर चोरी के पूरे नेटवर्क और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है। पुलिस अब पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

रमाशंकर मिश्रा के पिता से पुलिस ने की पांच घंटे पूछताछ

पुलिस ने राममंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी रमाशंकर मिश्रा के पिता छ्ड्डू लाल मिश्रा से बुधवार को पांच घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस उनके बैंक खाते तथा अन्य सम्पत्तियों के बारे में जानकारी जुटाती रही।

रमाशंकर मिश्रा के पिता छड्डूलाल मिश्रा रामनगरी स्थित रामसखा मंदिर में पुजारी हैं। उनके अनुसार रमाशंकर उनसे अलग चार से पांच साल पहले कमरा लेकर रहता था। तीन-चार साल से उससे मुलाकात नहीं हुई। पुलिस से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि आरोपी से उनका अब कोई लेना देना नहीं है। उनके बैंक खाते में मौजूद रुपये उनके है। जो उनकी अपनी कमाई के हैं। इसके साथ कटरा में अपने महंत के सहयोग से उन्होंने तीन बिस्वा जमीन खरीदी है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने उनके खाते को फ्रीज नहीं किया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।