राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, स्वतंत्र एजेंसी से जांच, CAG से ऑडिट की मांग, 22 को सुनवाई

लखनऊ, विधि संवाददाता
Follow us on Google News
share

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में पीआईएल दाखिल की गई है। गुरुवार को समय की कमी से इस पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार 22 जून को सुनवाई होगी।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला हाईकोर्ट पहुंचा,  स्वतंत्र एजेंसी से जांच, CAG से ऑडिट की मांग, 22 को सुनवाई

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में इसे लेकर जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की गई है। याचिका में मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराने और चढ़ावे की ऑडिट नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से कराने की मांग की गई है। फिलहाल समय की कमी के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख लगाई है।

गुरुवार को न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की अवकाशकालीन पीठ के समक्ष पीआईएल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थी। समय की कमी के कारण अदालत इस पर सुनवाई नहीं कर सकी और 22 जून की तारीख दे दी गई है। मोहित अशोक की ओर से दाखिल याचिका में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में आने वाले धन के गबन की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही कैग से पूरे मामले का ऑडिट कराए जाने की भी मांग की गई है।

अखिलेश के ट्वीट के बाद चर्चा में आया मामला

राम मंदिर में चढ़ावा की चोरी का मामला करीब दस दिन पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद चर्चा में आया। इसके बाद यहां लेखा प्रभारी रहे महिपाल सिंह का वीडियो सामने आया तो खलबली मच गई। महिपाल सिंह ने पांच साल से यहां चोरी की बात कही। यह भी आरोप लगाया कि इसकी जानकारी ट्रस्ट महासचिव चंपत राय और यहां के कर्ताधर्ता गोपाल राव को भी दी थी। इसके बाद भी चोरों पर कोई ऐक्शन नहीं लिया गया। महिपाल सिंह को ही वहां से हटा दिया गया था।

पीएमओ ने लिया संज्ञान, सीएम योगी ने बनाई एसआईटी

राम मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में चढ़ावा में चोरी का मामला जब ज्यादा गंभीर हुआ तो पीएमओ ने भी संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया। एसआईटी को एक हफ्ते में अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट देनी है। 15 दिन में जांच पूरी करनी है। फिलहाल गुरुवार को चौथे दिन भी एसआईटी की जांच जारी रही है गणना में शामिल कर्मचारियों और ट्रस्ट के लोगों से पूछताछ होती रही। पुराने सीसीवीटी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

सांसद संजय सिंह ने चंपत राय समेत अन्य के खिलाफ भेजी तहरीर

लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद और पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने भी इस मामले पर लगातार हमलावर हैं। अब उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य अभियुक्तों के खिलाफ नामजद तहरीर अयोध्या के राम जन्मभूमि थाना अध्यक्ष को भेजकर तत्काल मुकदमा दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस में संजय सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में हुए चढ़ावा चोरी और भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि चंदा चोरी के इस महाघोटाले से पूरा देश हैरान है। खुलासे के बाद खुलासे हो रहे हैं और भ्रष्टाचार की पोल खुलती जा रही है। प्रभु श्रीराम के नाम पर आए चढ़ावे और चंदे में जो डकैती हो रही है, उसे भाजपा सरकार और उनकी जांच एजेंसियों का पूरा संरक्षण प्राप्त है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला हाईकोर्ट पहुंचा, एजेंसी से जांच, CAG से ऑडिट की मांग