राम मंदिर CEO के लिए बिहार डीजी, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट से लेकर ब्रिगेडियर तक पहुंचे, अंतिम तीन नामों पर मंथन

लाइव हिन्दुस्तान, अयोध्या, संवाददाता
Follow us on Google News
share

अयोध्या के राम मंदिर के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के लिए बिहार के डीजी, यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट से लेकर ब्रिगेडियर तक इंटरव्यू देने पहुंचे हैं। दो दिनों तक चले इंटरव्यू के बाद अब अंतिम तीन नामों पर मंथन हो रहा है।

ram mandir ceo
राम मंदिर के सीईओ के लिए इंटरव्यू में बिहार के डीजी, यूपी के कई आईपीएस-आईएएस अफसर पहुंचे हैं (फाइल फोटो)

राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए बुधवार को दूसरे दिन भी इंटरव्यू जारी रहा। इस साक्षात्कार के लिए अंतिम दिन दस आवेदकों को बुलाया गया था दो आवेदकों को छोड़कर सभी ने हिस्सा लिया। इन सभी आवेदकों को भी लगभग उन्हीं सवालों का सामना करना पड़ा जिनसे एक दिन पहले बाकी उम्मीदवार जूझ चुके हैं। इंटरव्यू के लिए बिहार के डीजी परेश सक्सेना, यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहे जाने वाले आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सत्येंद्र कुमार सिन्हा समेत अन्य ने दावेदारी पेश की। डीआईजी पद से सेवानिवृत्त राजेश पाण्डेय इन दिनों यूपीगीडा के सुरक्षा सलाहकार भी हैं। यूपी के वरिष्ठ आईपीएस राजीव सबरवाल भी मंदिर पहुंचे लेकिन वह इंटरव्यू के लिए आए थे, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

संघ की पसंद पर ही मंदिर के ट्रस्टी लगाएंगे अंतिम मुहर

अब अंतिम तीन नामों पर मंथन चल रहा है। इन तीन नामों में से अंतिम निर्णय राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टियों को लेना है। यह ट्रस्टी उसी फैसले पर मुहर लगाएंगे जो संघ परिवार की पसंद होगी। ऐसे में सम्बन्धित अधिकारी की नियुक्ति संघ विचार परिवार के प्रति निष्ठा ही पहली कसौटी होगी। इसके अलावा ट्रस्टियों के साथ कदमताल करते हुए समन्वय बनाने की क्षमता और आम श्रद्धालुओं के प्रति सद्भावना उम्मीदवारी को मजबूत बनाएगी।

फिलहाल साक्षात्कार में शामिल हुए आवेदकों में जो नाम छनकर मीडिया तक पहुंचे हैं, उनकी काबिलियत पर शंका की गुंजाइश न हो लेकिन संघ विचार परिवार के प्रति निष्ठा नकारात्मक पक्ष साबित हो सकती हैं। इसी तरह सेना के रिटायर्ड अफसर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर संघ विचार परिवार के प्रति निष्ठावान हो सकते हैं लेकिन उनकी कार्यशैली से तालमेल बैठाना उतना सरल नहीं होगा जिसकी अपेक्षा होगी। फिर भी साक्षात्कार के लिए आमंत्रित आवेदकों में आईएएस और आईपीएस अफसरों के साथ सेना के रिटायर्ड अफसर भी हैं।

सेना के चार अफसरों के पहुंचने की चर्चा

श्रीराम जन्मभूमि परिसर के ग्रीन हाउस में चले दूसरे दिन के साक्षात्कार में भी सेना के चार अफसरों के शामिल होने की खबर है। इनमें सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सत्येन्द्र कुमार सिन्हा का नाम शामिल है। इसी तरह पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पाण्डेय ने भी बुधवार को अपनी दावेदारी पेश की। डीआईजी पद से सेवानिवृत्त राजेश पाण्डेय इन दिनों यूपीगीडा के सुरक्षा सलाहकार भी हैं। यूपी के वरिष्ठ आईपीएस राजीव सबरवाल भी मंदिर पहुंचे लेकिन वह इंटरव्यू के लिए आए थे, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

बिहार के डीजी ने साक्षात्कार देने के साथ संतों का आर्शीवाद लिया

बिहार के पुलिस महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना के भी साक्षात्कार में शामिल होने की खबरें पूरे दिन सुर्खियों में रही। हालांकि वह यहां मंगलवार को ही आ गये थे और पूरे दिन साक्षात्कार स्थल पर मौजूद रहे। चूंकि अभी वह वर्तमान में पद पर कार्यरत हैं। उनकी ओर से भी इसकी पुष्टि नहीं की गई कि वह इंटरव्यू देने आए हैं या सिर्फ दर्शन के लिए। उनके रिटायरमेंट में कुछ माह का समय शेष है।

उन्होंने धार्मिक न्यास समिति के सदस्य संतों से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। डीजी डा. सक्सेना ने राम कुंज कथा मंडप में जाकर पीठाधीश्वर डा. रामानंद दास से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मलूका पीठाधीश्वर स्वामी राजेन्द्र देवाचार्य भी वहां मौजूद रहे। इसके पूर्व उन्होंने मणिराम छावनी में महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात की।

सीईओ के पद के सभी दावेदारों ने किया रामलला का दर्शन

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में सीईओ पद के लिए आयोजित साक्षात्कार में हिस्सा लेने आए सभी दावेदारों में बुधवार को रामलला का दर्शन किया। इन सभी को राम मंदिर ट्रस्ट के द्वारा अलग से प्रसाद भेंट किया गया। इसके पूर्व सभी दावेदारों का साक्षात्कार उनके निर्धारित क्रम में ही हुआ। चयनकर्ता के रूप में मौजूद सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी व वैज्ञानिक एवं उद्योग पति सुरेश हावड़े ने उनसे अलग-अलग व समूह में सवाल किया और उम्मीदवारों के व्यक्तित्व को जानने व समझने की कोशिश की। दूसरे दिन भी सायंकाल तक साक्षात्कार चलता रहा।

इस साक्षात्कार के लिए यहां पहुंचे अधिकांश दावेदार अपने निजी अथवा टैक्सी से आए थे। इसके कारण इन सभी वाहनों को साक्षात्कार स्थल तक भेजने के बजाय जगद्गुरु शंकराचार्य प्रवेश द्वार के निकट ही पार्क करा दिया गया जबकि कुछ के वाहन बाहर गेट के किनारे खड़े करा दिए गए। पुनः ट्रस्ट के वाहन से उन्हें साक्षात्कार स्थल तक ले जाया गया और साक्षात्कार समाप्त होने पर वापस यथास्थान लाकर छोड़ा गया। वहीं ट्रस्ट के कार्यकर्ता द्वारा प्रसाद का बैग देकर विदा किया गया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsराम मंदिर CEO के लिए बिहार DG, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट से लेकर ब्रिगेडियर तक पहुंचे