राम मंदिर CEO: 5500 आवेदन, छह शार्टलिस्ट, अंतिम तीन में जीतेंद्र मिश्र के साथ थे यह दो नाम
अयोध्या में राम मंदिर के संचालन के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ के लिए सर्च कमेटी की पहली और दूसरी पसंद सेना के ही अफसर थे।

अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन को लेकर सर्च कमेटी द्वारा ट्रस्ट को 6 नाम शार्टलिस्ट करके दिए थे। इनमें तीन नाम पहली प्राथमिकता और तीन नाम दूसरी प्राथमिकता के तौर पर रखे गए थे। पहली प्राथमिकता वाले तीन नामों में दो सेना के अफसर थे। अंतिम मुहर जीतेंद्र मिश्र के नाम पर लगी।
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि सीईओ पद के लिए आए 5500 से अधिक आवेदनों में से सर्च कमेटी ने लंबी प्रक्रिया के बाद छह नामों को शॉर्टलिस्ट किया। कमेटी में शामिल सदस्यों और इसके सचिव समीर पांडा ने इस पूरी चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। आवेदनों की बड़ी संख्या में से योग्य उम्मीदवारों की छंटनी के बाद छह नामों को अंतिम रूप देकर ट्रस्ट के सामने रखा गया। जिसमें से न्यास ने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के नाम की घोषणा कर दी।
सर्च कमेटी ने एक सितंबर को अपनी विस्तृत रिपोर्ट के साथ छह नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपा था। इसमें तीन नामों को पहली प्राथमिकता और तीन नामों को दूसरी प्राथमिकता के पैनल में रखा गया है। कमेटी की सिफारिश के अनुसार पहले पैनल के किसी नाम के पदभार ग्रहण करने से इनकार करने की स्थिति में क्रम के आधार पर अगले नाम पर विचार किया जा सकता है।
कृष्ण मोहन के मुताबिक, पहली प्राथमिकता वाले पैनल में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र का नाम सबसे ऊपर था। इसके बाद दूसरे स्थान पर मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह विश्वास राव और तीसरे स्थान पर श्रुति भारद्वाज का नाम रखा गया था।
इस तरह चली पूरी प्रक्रिया
6 जुलाई 2026
इसी दौर में मंदिर के प्रशासनिक संचालन के लिए पूर्णकालिक सीईओ की जरूरत पर ट्रस्ट में निर्णय की दिशा बनी। चयन प्रक्रिया के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई।
13 जुलाई 2026
ट्रस्ट ने राम मंदिर के पहले पूर्णकालिक सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए। आवेदन की अंतिम तारीख 18 जुलाई तय की गई।
18 जुलाई 2026
आवेदन प्रक्रिया पूरी हुई। सीईओ पद के लिए देशभर से 5585 आवेदन मिले।
जुलाई-अगस्त 2026
आवेदनों की तकनीकी और मैनुअल स्क्रीनिंग की गई। पात्रता, अनुभव और अन्य मानकों के आधार पर उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया गया। चयन समिति ने 600 अंकों के मूल्यांकन फॉर्म के आधार पर स्क्रीनिंग की। 3577 उम्मीदवारों ने इस मूल्यांकन में हिस्सा लिया और 470 या उससे अधिक अंक पाने वाले 108 उम्मीदवार अगले चरण के लिए चुने गए।
3 से 6 अगस्त 2026
अंतिम चरण के लिए चुने गए 16 उम्मीदवारों से ऑनलाइन बातचीत और साक्षात्कार किया गया।
11 और 12 अगस्त 2026
16 उम्मीदवारों के अयोध्या में आमने-सामने साक्षात्कार हुए।
26 अगस्त 2026
चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंची और तीन नामों का पैनल तैयार होने की जानकारी सामने आई।
1 सितंबर 2026
तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने छह नामों का दो प्राथमिकताओं वाला पैनल ट्रस्ट को सौंप दिया। समिति ने चयन प्रक्रिया को व्यापक, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बताया।
2 सितंबर 2026
ट्रस्ट की बैठक में प्रथम प्राथमिकता वाले तीन नामों में से एक पर लगी अंतिम मुहर। ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक सीईओ का ऐलान हुआ।


