रक्षाबंधन पर रामलला के लिए बड़ी बहन देवी शांता ने भिजवाई राखी, श्रृंगी ऋषि आश्रम से पहुंची मिठाई और फल

अयोध्या, संवाददाता
Follow us on Google News
share

रक्षाबंधन पर अयोध्या के राम मंदिर में उत्सव का माहौल है। रामलला विराजमान के लिए बड़ी बहन देवी शांता की ओर से चारों अनुजों के साथ पुजारियों के लिए भी राखियां और मिठाई के साथ फल भेजा गया है।

Rakhi for Ram Lalla
अयोध्या में रामलला विराजमान के लिए बड़ी बहन देवी शांता की ओर से राखी भेजी गई।

रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके पहले गुरुवार को राम मंदिर में विराजमान रामलला की बड़ी बहन देवी शांता की ओर से चारों अनुजों के साथ पुजारियों के लिए भी राखियां व मिठाई एवं फलादि भेजा गया। राखी समेत सभी सामग्रियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के आशीर्वाद से उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास को रामलला के अर्चक संतोष कुमार तिवारी की मौजूदगी में भेंट किया गया। महंत कमलनयन दास ने श्रृंगी ऋषि आश्रम से समर्पित राखी व उपहारों को पुजारी के हवाले कर मंदिर में अर्पित करने का निर्देश दिया। पुजारी तिवारी ने भेंट को स्वीकार कर शुक्रवार को निर्धारित मुहूर्त में रामलला को राखी बांधने का वचन दिया।

इस मौके पर महंत कमलनयन दास ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि 500 सालों की प्रतीक्षा के बाद हम सबके जीवन काल में राम मंदिर का निर्माण हुआ। निश्चित ही हम सब सौभाग्यशाली है और रक्षाबंधन का यह पवित्र उत्सव हमारे सौभाग्य की वृद्धि करने वाला सिद्ध होगा क्योंकि रक्षा सूत्र के धागे को जिन बहनों ने पूरी पवित्रता और श्रद्धा भाव से तैयार किया है, वह भाव ही पूरे समाज को एकजुट रखने की मजबूत डोर है। पुजारी संतोष तिवारी ने कहा कि रक्षा सूत्र बांधते समय 'येन बद्धो बलिराजा दानवेन्द्रो महाबलः' मंत्र पढ़ा जाता है। इसका अर्थ है कि जो रक्षा धागा राजा बलि को बांधा गया था, वही पवित्र धागा मैं तुम्हारी कलाई पर बांधता हूं, जो तुम्हें सदा के लिए विपत्तियों से बचाएगा।

रामलला के लिए बड़ी बहन देवी शांता की ओर राखी भेंट की गई।

उन्होंने कहा कि भगवान ने जिस प्रकार राजा बलि का मान रखा और उनकी रक्षा की, उसी प्रकार से सबकी रक्षा करें। श्रृंगी ऋषि आश्रम के पुजारी महेंद्र दास गोस्वामी ने कहा कि देवी शांता चक्रवर्ती सम्राट महाराज दशरथ की पुत्री थी और उनका विवाह श्रृंगी ऋषि से हुआ था। तभी से प्रतीकात्मक रस्म निभाई जाती है। यह आयोजन महोत्सव का रुप ले चुका है।

ओडिशा के जगन्नाथ स्वामी और मधुबनी पेंटिंग की बनी राखियां

संस्था के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने बताया कि ओडिशा से भगवान जगन्नाथ स्वामी के अलावा मधुबनी पेंटिंग पर आधारित राखियां भी आई है। इसके अलावा महिला समूह की बहनों ने केले के तने से राखियों का निर्माण किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की अगुवाई कर रही अंजलि सिंह ने कहा कि रामलला हमारे आराध्य हैं, उनके लिए राखियों को बनाना और उन्हें धारण कराना ऐसा पवित्र एहसास है जिसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।

उधर श्रृंगी ऋषि आश्रम से आई यात्रा का रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत हुआ। यात्रा में संस्थान के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र सिंह, अमर सिंह, देवेन्द्र सिंह, शमशेर, प्रदीप जायसवाल, विंदेश्वरी श्रीवास्तव, उदयभान गुप्ता, ध्रुव गुप्ता, रवि सिंह, पंकज सिंह, सतेन्द्र सिंह, जन्मेजय सिंह व अंजनी सिंह, अनीता मौर्य, उषा मौर्य तारावती व अनुपमा समेत अन्य शामिल रही।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsरामलला के लिए बड़ी बहन देवी शांता ने भिजवाई राखी, श्रृंगी आश्रम से पहुंची मिठाई