राज्यसभा चुनावः दिग्गजों को किनारे कर कार्यकर्ताओं पर दांव, क्या है भाजपा की रणनीति

राजकुमार शर्मा लखनऊ
share

यूपी में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के दांव ने हर किसी को अचंभित कर दिया है। पार्टी ने दिग्गजों को किनारे कर कार्यकर्ताओं पर दांव लगाया है। इस दांव के पीछे 2024 के सबक और 2027 की छाप साफ दिखाई दे रही है।

Rajya Sabha Elections
यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित भाजपा के प्रत्याशी विद्यासागर सोनकर, श्रुति गंगवार, धर्मपाल सिंह और प्रियंका रावत।

यूपी में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशियों के नामों ने हर किसी को चौंका दिया है। सभी अटकलें एक तरह से धराशायी हो गई हैं। जिन नामों पर खूब चर्चा हो रही थी, उनमें से किसी को टिकट नहीं मिला है। सभी आठ चेहरों के जरिए कई सियासी संदेश देने का प्रयास किया गया है। नामचीन और भारी-भरकम चेहरों से इतर पार्टी ने संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और संघ की पृष्ठभूमि वाले चेहरों को तरजीह दी है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव में संघ और भाजपा के साझा कदमताल का संदेश भी माना जा सकता है। जिन चेहरों को दोबारा मौका नहीं मिला, पार्टी आने वाले दिनों में उनकी भूमिका में बदलाव कर सकती है।

2024 के सबक और मिशन-2027 की छाप

यूपी 2014 से लगातार भाजपा का मजबूत सियासी किला रहा है। पार्टी ने यहां ऐसी सोशल इंजीनियरिंग की कि 2017, 2019 और 2022 में उसकी जीत के साथ ही वोट प्रतिशत में इजाफा होता गया। मगर 2024 में यह जातीय गुलदस्ता बिखर गया। नतीजा यह हुआ कि भाजपा 62 से फिसल कर 33 सीटों पर आ पहुंची। कुर्मी, पासी, शाक्य के अलावा कई जगह लोध वोटों में भी बिखराव देखने को मिला था। ऐसे में इन चेहरों के चयन में 2024 के सबक और मिशन-2027 की छाप साफ दिखाई देती है।

रुहेलखंड के कुर्मी वोटरों पर श्रुति के जरिए नजरें

भाजपा ने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के रूप में कुर्मी चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। प्रदेश संगठन और मोर्चों में भी पार्टी ने कुर्मी चेहरों को जगह दी है। वहीं राज्यसभा के लिए घोषित प्रत्याशियों में श्रुति गंगवार का नाम भी कुर्मी कोटे से ही है। वो रुहेलखंड इलाके के कुर्मी क्षत्रप और वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं। गंगवार का उस बेल्ट के कुर्मी वोटरों पर प्रभाव माना जाता है।

लोध वोटरों को साधने के लिए बीच का रास्ता

लोध चेहरों की बात करें तो यूपी से बीएल वर्मा केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य थे। मगर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू लगातार उनकी मुखालफत करते रहे हैं। ऐसे में पार्टी ने बीच का रास्ता निकालते हुए बीएल वर्मा या राजवीर सिंह राजू की जगह पुराने लोध क्षत्रप और बृज क्षेत्र की आंवला सीट से विधायक धर्मपाल सिंह पर दांव लगाया है।

धर्मपाल को शक्ति प्रदर्शन का इनाम?

धर्मपाल पहले आंवला और फिर राजधानी लखनऊ में महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा अनावरण समारोह के जरिए शक्ति प्रदर्शन भी कर चुके हैं। उनके मंच पर दोनों गुटों के क्षत्रप दिखाई दिए थे। ओबीसी वर्ग से आने वाला तीसरा नाम प्रकाश पाल का है। संघ पृष्ठभूमि के प्रकाश पाल प्रचारक रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, फिर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में पार्टी के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हें जाति, वरिष्ठता और संघ की पृष्ठभूमि का लाभ मिला।

ब्राह्मणों को साधा, आधी आबादी को दी तरजीह

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद और फिर राज्यसभा चुनाव में पार्टी ने ब्राह्मणों को साधने का प्रयास किया है। विधान परिषद के 11 में से पांच उम्मीदवार ब्राह्मण वर्ग से थे जबकि राज्यसभा में राधाकांत ओझा और गोपी कृष्णा पांडेय के रूप में आठ में से दो ब्राह्मण चेहरों को जगह दी गई है। राधाकांत भी संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। यह अलग बात है कि पार्टी के तमाम ब्राह्मण चेहरे ही इन दोनों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सके। वहीं नीरज शेखर की जगह ठाकुर कोटे से रामप्रताप चौहान को चुना गया है। आधी आबादी की 25 फीसदी की हिस्सेदारी बरकरार रखी गई है। सीमा द्विवेदी और गीता शाक्य की जगह इस बार प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार को उतारा गया है।

गैर जाटव दलितों पर फोकस

दलितों की बात करें तो भाजपा ने गैर जाटव वोटों पर ही ध्यान केंद्रित रखा है। यही कारण है कि जाटव बिरादरी से आने वाले पूर्व डीजीपी बृजलाल को रिपीट नहीं किया गया है। उनकी जगह पासी समाज से आने वाली बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत पर दांव लगाया गया है। वहीं विद्यासागर सोनकर के रूप में पार्टी ने खटीक बिरादरी का साथ बरकरार रखने का संदेश दिया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsराज्यसभा चुनावः दिग्गजों की जगह कार्यकर्ताओं पर दांव, क्या है भाजपा की रणनीति